बुलंदशहर हिंसाः गोकशी का मुख्य आरोपी हारुन गिरफ्तार, विधायक को 3 घंटे तक घेरकर बैठाए रखा
स्याना बवाल की वजह बनी महाब में हुई गोकशी के मुख्य आरोपी हारुन को पुलिस ने शनिवार को दबोच लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक, कारतूस व जीप बरामद की है। इस प्रकरण में अब तक हारुन समेत आठ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
तीन दिसंबर को गांव महाब के जंगल में हुई गोकशी के मामले का पुलिस ने बीते दिनों तीन आरोपियों को दबोच कर राजफाश कर दिया था। हालांकि इस मामले में पकड़े गए चार आरोपियों को पुख्ता सुबूत न होने के कारण रिहा कर दिया था।
अब मुख्य आरोपी स्याना के मोहल्ला कैथवाला निवासी हारुन को पुलिस ने स्याना-गढ़ रोड स्थित एक फैक्ट्री के पास से पकड़ा है। स्याना कोतवाल किरनपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
कुछ अन्य आरोपियों के नाम भी प्रकाश में आ रहे हैं, उनकी तलाश जारी है। इस प्रकरण में काला, नदीम, रहीस, युनूस, गुलफाम, महबूब और अरविंद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
चिंगरावठी में विधायक को तीन घंटे तक घेरकर बैठाए रखा
स्याना क्षेत्र के गांव चिंगरावठी में शनिवार को मृतक सुमित के आवास पर ग्रामीणों की पंचायत हुई। इस पंचायत में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई गई। इस दौरान स्टेट हाइवे से गुजर रहे स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी को भी बुलाया गया और ग्रामीणों ने तीन घंटे तक उनका घेराव कर अपना गुस्सा जाहिर किया। विधायक ने ग्रामीणों की मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष दोबारा उठाकर हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
चिंगरावठी गांव में शनिवार को स्याना बवाल में मृतक सुमित के आवास पर ग्रामीणों की पंचायत हुई। इसमें पुलिस द्वारा निर्दोष लोगों को दोषी बनाकर जेल भेजे जाने पर गुस्सा जाहिर किया गया। इसी दौरान विधायक देवेंद्र लोधी भी ग्रामीणों की पंचायत में पहुंचे। पंचायत में मौजूद महिलाआें ने पुलिस द्वारा उत्पीड़न की शिकायत विधायक से की। ग्रामीणों का कहना है कि इंस्पेक्टर सुबोध द्वारा सुमित के सीने में गोली मार दी गई।
इसके बावजूद इंस्पेक्टर के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। अब पुलिस अधिकारियों द्वारा भ्रमित करने वाला बयान दिया जा रहा है। इसमें इंस्पेक्टर सुबोध द्वारा आत्मरक्षार्थ सुमित को गोली मारने की बात कही गई है।
ग्रामीणों ने इस घटना की सीबीआई जांच, सुमित के परिजनों को इंस्पेक्टर की तरह आर्थिक सहायता देने, परिजनों को सरकारी नौकरी सहित माता-पिता को पेंशन देने की मांग विधायक से की। ग्रामीणों ने लगभग तीन घंटे तक विधायक को घेरकर अपने बीच बिठाए रखा। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर विधायक ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
इस घटना की सीबीआई जांच, आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी व पेंशन के लिए मुख्यमंत्री से दोबारा मिलकर पीड़ितों का पक्ष रखते हुए उन्हें राहत दिलाई जाएगी। कोई भी निर्दोष व्यक्ति जेल नहीं जाएगा। गांव में सामान्य हालात स्थापित हो, इसका पूरा प्रयास किया जाएगा।- देवेंद्र लोधी, विधायक