बुलंदशहरः भाजपा विधायक के दामाद ने पेट्रोल पंप के पास की मारपीट, फायरिंग और लूटपाट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खुर्जा के हजरतपुर तिराहा स्थित आरआर पेट्रोल पंप और बराबर में अशोक फिलिंग स्टेशन के पास दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने जान से मारने की नियत से फायरिंग की और हथियार के बट से प्रहार कर नकदी व ज्चेलरी लूट कर भाग गए।
वहीं दूसरे पक्ष ने मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि, भाजपा विधायक कमलेश सैनी के दामाद ने अपने भाईयों के साथ मिलकर पड़ोसी पेट्रोल पंप संचालक को जमकर पीटा।
खुर्जा में हजरतपुर तिराहे के निकट एक पक्ष के आरआर पेट्रोल पंप के शलभ पांडे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी की पार्टनरशिप में जीटी रोड पर पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप पर काम करने वाले हरीशचंद्र से रविवार शाम कुछ लोगों ने झगड़ा किया और मारपीट की।
भाजपा विधायक कमलेश सैनी का दामाद अशोक सैनी बुलन्दशहर के खुर्जा में रहता है। अशोक सैनी पेट्रोल पंप संचालक शलभ पांडेय को खुलेआम धमकी देते नजर आ रहे हैं।
शोर सुनकर शलभ पंप से बाहर आए। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनकी तरफ रायफल से गोली चला दी। लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इस दौरान उन लोगों ने हथियार की बटों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने दस हजार रुपये व सोने की चेन लूट ली।
उधर, दूसरे पक्ष के राजकुमार सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोसी के पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने के लिए लंबी लाइन लगी थी, जो उनके पंप के सामने आ रही थी। लाइन को हटवाने के लिए कहने पर पड़ोसी पंप के पार्टनर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। मारपीट में उनके परिवार के सदस्य घायल हो गए हैं। सीओ खुर्जा गोपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।