मनचले की ये कैसी मर्जी: 'मुझे तूने जो बात न की तो मार दूंगा चाकू', सिरफिरा कभी कॉलेज तो कभी पहुंच जाता है पीजी
छात्रा अपनी बहन के साथ घर लौट रही थी तो आरोपी ने बस स्टैंड के समीप चाकू की नोक पर उससे छेड़खानी की। बात नहीं करने पर आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
विस्तार
मोदीनगर में एक सिरफिरे मनचले की करतूत के कारण बीडीएस छात्रा का जीना मुश्किल हो गया है। मनचले ने चाकू की नोक पर छात्रा से छेड़छाड़ की। मनचला आते जाते छात्रा का पीछा कर उस पर बात करने का दबाव बना रहा है। इनकार करने पर आरोपी मनचला जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मनचले की तलाश शुरू कर दी है।
दिल्ली के शाहदरा स्थित एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति की पुत्री मोदीनगर के एक डेंटल कॉलेज में बीडीएस की छात्रा है। छात्रा एक कॉलोनी स्थित पीजी में रहती है। आरोप है कि एक मनचला छात्रा को आते जाते समय काफी दिनों से परेशान कर रहा है। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी देता है।
बीते दिन छात्रा अपनी बहन के साथ घर लौट रही थी तो आरोपी ने बस स्टैंड के समीप चाकू की नोक पर उससे छेड़खानी की। बात नहीं करने पर आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही आरोपी छात्रा का पीछा करता हुए पीजी तक पहुंच गया और दीवार फांदकर अंदर घुस गया। छात्रा ने शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया।
मनचना कॉलेज में भी छात्रा का पीछा करता है और फोन कर उसे परेशान करता है। एसीपी ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।