जब पड़ी मुफ्त की मार: लड़की बन बसों में करता था सफर, पर इस बार 'बाज' की नजरों ने बच न सकीं मास्क के पीछे की मूछें
दिल्ली में लड़की बनकर फ्री बस यात्रा का लाभ लेने के लिए लड़के ने ऐसा काम किया कि उसे शर्मिंदा होना पड़ा। घटना दिल्ली की एक बस में हुई है।
विस्तार
दिल्ली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कुछ पैसे बचाने के लिए एक लड़के ने ऐसा काम किया कि उसे सरेराह बेइज्जत होना पड़ा। घटना दिल्ली की एक बस में हुई। जहां युवक ने किराया बचाने के लिए लड़कियों की तरह अपना सिर ढका। बस कंडक्टर पहचान न सके इसलिए उसने मास्क भी लगा रखा था।
लड़की के वेश में लड़का अपनी सीट पर बैठा ही था कि कंडक्टर की बाज जैसी नजरों को शक हुआ कि वह लड़का है। इस पर कंडक्टर ने उससे मास्क हटाने के लिए कहा। मास्क हटाने के बजाय लड़के ने महिलाओं की तरह बोलना शुरू किया। लेकिन कंडक्टर को यकीन न हुआ। इसके बाद कंडक्टर ने डांटते हुए लड़के से मास्क हटाने के लिए कहा।
कंडक्टर ने ऐसा न करने पर पुलिस को बुलाने की बात भी कही। इतना सुनते ही लड़के ने मास्क हटाया। मास्क हटाते ही लड़के के लालच का भांडा फूट गया। इसके बाद उसने सिर से कपड़ा भी उतारा। उसकी मूछों और बालों ने लालच का पर्दाफाश कर दिया। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। बता दें कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार साल 2019 के अक्तबूर महीने से महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा चला रही है।