IM, लश्करे तैयबा के नाम से आया धमकी भरा खत
नाहर सिंह जिला बस अड्डे को पांच मई को बम से उड़ा दिया जाएगा। यदि तुम बचा सको तो बचा लो...। यह धमकी भरा पत्र शनिवार सुबह बस अड्डे के बुकिंग रूम में कर्मचारियों को मिला।
सूचना के बाद पहुंची एंटी सबोटेज टीम ने कोने-कोने की जांच की और पुलिस ने बस अड्डे की सुरक्षा बढ़ा दी है। हरियाणा रोडवेज बस अड्डा स्थित बुकिंग कार्यालय में कोई व्यक्ति एक पत्र डाल गया।
शनिवार सुबह कर्मचारियों ने कमरा खोला तो पत्र मिला। दो पन्नों के पत्र में आगे-पीछे लिखा था कि पांच मई को बस अड्डे को बम से उड़ा दिया जाएगा। रोक सको तो रोक लो।
पत्र में मिले इंडियन मुजाहिदीन, लश्करे तैयबा का नाम
धमकी नहीं चेतावनी है। पत्र में मसरत खान, लश्करे तैयबा और इंडियन मुजाहिदीन का नाम लिखा है। धमकी भरा पत्र मिलने की बात जल्द ही फैल गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
एसएचओ सिटी नरेंद्र सिंह ने पत्र को कब्जे में लेकर आला अधिकारियों को सूचित किया। उन्होंने बताया कि पत्र की जांच की जा रही है। फिलहाल बस अड्डे की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना रोकने के लिए वर्दी वालों के साथ ही सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी बस अड्डे की निगरानी रख रहे हैं। यात्रियों को भी जागरूक किया जा रहा है कि आसपास संदिग्ध या लावारिस सामान मिलने पर उसे छुएं नहीं। पुलिस और बस अड्डे के अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।