कश्मीरी गेट मेट्रो को उड़ाने की धमकी, ढाई घंटे मचा रहा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद रविवार सुबह पुलिस महकमा हरकत में आ गया। सूचना मिलने के बाद स्टेशन पहुंची बम निरोधक दस्ते के साथ साथ डॉग स्कवायड ने चप्पे चप्पे की तलाशी ली।
करीब ढाई घंटे तक चले तलाशी अभियान में पुलिस को स्टेशन परिसर से र्कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने इसे हॉक्स कॉल करार दिया।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब पौने आठ बजे पुलिस को सौ नंबर पर किसी ने फोन कर बताया कि कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर बम फिट कर दिया गया है, जिसमें कभी भी धमाका हो सकता है। इस सूचना को मेट्रो पुलिस ने गंभीरता से लिया और तुरंत मौके पर टीम भेजी।
पुलिस व सीआईएसएफ ने मिलकर स्टेशन पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने लोगों को कुछ देर के लिए उन जगहों से दूर रखा जहां पर दस्ता तलाशी अभियान चल रहा था। इससे लोगों को मेट्रो ट्रेन पर सवार होने में दिक्कत पेश आई।
छह साल के बच्चे ने दी बम की जानकारी
तलाशी अभियान चलाने के बाद पुलिस ने उस नंबर की पहचान की, जिसके जरिये कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर बम होने की सूचना दी थी। जांच में पता चला कि किराड़ी में रहने वाले एक शख्स के मोबाइल फोन से इसकी जानकारी दी गई थी।
उस शख्स की पहचान होते ही पुलिस किराड़ी गांव पहुंची और उस शख्स को हिरासत में ले लिया। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि हिरासत में लिए गए शख्स के छह साल का बेटे ने सौ नंबर पर फोन किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बच्चे के पिता ने अपने बेटे की गलती के लिए क्षमा मांगी। बाद में उस शख्स को छोड़ दिया गया। चार दिन पूर्व ही मेट्रो पुलिस को एक धमकी भरी चिट्ठी मिल चुकी है। जिसमें कई स्टेशनों को उड़ाने की धमकी दी गई है।
मेट्रो पुलिस को गत 30 जून को आईएनए मेट्रो स्टेशन के टॉयलेट से एक चिट्ठी मिली। जिसमें कहा गया है कि आगामी कुछ दिनों में दिल्ली के कुछ महत्वपूर्ण मेट्रो स्टेशन और कई अन्य जगहों पर आतंकी संगठन धमाका कर सकते हैं। इस चिट्ठी के मिलने के बाद से दिल्ली के 142 मेट्रो स्टेशन समेत महत्वपूर्ण जगहों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।