नशेड़ी ब्लेडमैन के पीछे भागती रही बहन
दिल्ली के जाफराबाद में शुक्रवार रात 17 लोगों को ब्लेड मारने वाले शख्स की पहचान हो गई है। पुलिस की मानें तो यह ब्लेडमैन एक नाबालिग है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त वीवी चौधरी का कहना है कि आरोपी ने नशे और सनक में वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
घटना के समय आरोपी के साथ वाली युवती की पहचान हो गई है। वह आरोपी की बहन है।
बहन ने किया खुलासा
घायलों से पूछताछ और स्थानीय लोगों से जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस जाफराबाद में रहने वाली इस युवती तक पहुंच गई। उसने बताया कि घटना वाले वह अपने भाई को रोकने के लिए उसके पीछे भाग रही थी।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक युवती ने बताया कि उसके 16/17 वर्षीय नाबालिग भाई ने अपनी सनक और नशे में लोगों पर हमला किया था।
घटना वाले दिन उसका गली में कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। इस दौरान उसका भाई भागने लगा। वह (युवती) उसे रोकने के लिए उसके पीछे भागती रही।
हर तरफ ब्लेडमैन की ही चर्चा
नाबालिग लड़के को रास्ते में जो भी मिला वह उसे ब्लेड मारकर भागता रहा और उसके बाद फरार हो गया। घटना के बाद से आरोपी का परिवार भी बुरी तरह डरा हुआ है।
वहीं रविवार को भी ब्लेडमैन चर्चा का विषय बना रहा। ब्लेडमैन के पकड़े न जाने की वजह से स्थानीय लोगों में डर दिखा। उन्होंने आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है।