चुनावी जंग के लिए भाजपा ने रचा चक्रव्यूह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। दिल्ली में पंद्रह सालों से सत्ता से दूर रही भाजपा इस बार हर हाल में सत्ता में आने की रणनीति तैयार कर रही है।
इस मुहिम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की फौज भी दिल्ली में उतारी जाएगी। पहली बार हर विधानसभा में संघ के पूर्णकालिक सदस्यों को चुनावी अभियान में उतारा जाएगा। दिल्ली के 14 जिलों में तो पहले से ही पूर्णकालिक सक्रिय भी हो गए हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल की मानें तो 70 विधानसभा सीटों के लिए 70 पूर्णकालिक सदस्यों को तैनात किया जाएगा। भाजपा सूत्रों का कहना है कि पूर्णकालिक सदस्यों के आने के बाद पूरी तरह से चुनावी प्रबंधन का काम संघ के हवाले हो जाएगा।
तीन स्तरीय टीम से होगा जीत का प्रबंधन
तीन स्तरीय चुनाव प्रबंधन की रणनीति भाजपा ने तैयार की है। पहले स्तर पर पन्ना प्रमुख होंगे। इसके बाद मंडल और जिला स्तर पर टोली तैयार की जाएगी। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल के अनुसार विधानसभा स्तर पर एक बड़ी टीम तैयार की जाएगी।
पांच बार मतदाताओं का दरवाजा खटखटाएंगे
मतदाताओं तक पहुंचने के लिए भाजपा ने हर घर में पांच बार दस्तक देने की नीति तैयार की है। इसकी जिम्मेदार पन्ना प्रमुख को दी गई है। ये पन्ना प्रमुख पहली बार दस्तक 10 जनवरी को होनी वाली रैली को लेकर मतदाताओं के घर संपर्क साधेंगे।
इसके बाद पार्टी का पर्चा लेकर पहुंचेंगे। प्रत्याशी का नाम तय होने के बाद पन्ना प्रमुख उनका पर्चा लेकर दस्तक देंगे। मतदाताओं को उनके बूथ से परिचित कराने के लिए चौथी बार पहुंचेंगे।
पांचवीं बार वे पन्ना प्रमुख मतदान के दिन मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए जाएंगे। पन्ना प्रमुख अन्य पार्टी के विचारधारा रखने वाले लोगों के घर पर भी जाएंगे।
मोदी रथ से होगा चुनाव अभियान खास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन वाला मोदी रथ दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दौड़ेगा। इस बार बड़ी संख्या में राजस्थान और हरियाणा से भी मोदी रथों को दिल्ली में मंगाया गया है। पार्टी कंवीनर प्रवीण शंकर कपूर का कहना है कि इस बार छोटे-छोटे रथ भी पार्टी प्रचार में घूमेंगे।
इस तरह से दिल्ली की तंग गलियों में भी मोदी के विजन से लोगों को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 70 विधानसभा के लिए 70 मोदी रथ से प्रचार किया जाएगा। शुक्रवार से करीब दो दर्जन रथ प्रचार करना शुरू कर देंगे।
नारों पर होगा जोर
पार्टी नारे को लेकर भी अभी से ही सजग है। केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि आम मतदाताओं के घर भाजपा कार्यकर्ता, ‘पूर्ण बहुमत संपूर्ण विकास’ और ‘जिसकी केंद्र में सरकार उसी की प्रदेश में सरकार’ के नारे साथ पहुंचेंगे।