भाजपा ने केजरीवाल भगाओ, दिल्ली बचाओ आंदोलन किया शुरू, ढोल बजाकर गिनाई जाएगी सरकार की कमियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश भाजपा ने केजरीवाल भगाओ, दिल्ली बचाओ आंदोलन शुरू किया है। इसके तहत दिल्ली में जगह-जगह ढोल बजाकर भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली सरकार की कमियों को गिनाएंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की उपस्थिति में केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने अपने निवास स्थान से इस आंदोलन को शुरू किया। काली टोपी पहनकर कार्यकर्ता सुबह-सुबह ढोल के साथ पार्कों में पहुंचकर दिल्ली सरकार की नाकामियों से अवगत कराएंगे। इस टोपी पर एक तरफ लिखा हुआ है केजरीवाल भगाओ तो दूसरी तरफ लिखा हुआ है दिल्ली बचाव। दिल्ली सरकार की कमियों पर भाजपा कार्यकर्ता एक पंफलेट भी बांटेंगे।
आंदोलन की शुरुआत भाजपा नेताओं ने मंच पर ढोल बजाकर की। प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने विजय गोयल को गदा देकर कहा कि मैं सारी शक्ति से यह गदा गोयल को दे रहा हूं, आप इसे प्रतीक मानते हुए हुंकार भरें। हुंकार में इतना दम होना चाहिए कि केजरीवाल जैसे भ्रष्टाचारी, साजिश करने वाले व समाज में भेदभाव करने वाले अब जीत नहीं सकें।
इस मौके पर केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री विजय गोयल ने दिल्ली के हालात पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। इसलिए अब इस आंदोलन को अंजाम तक पहुंचाने तक जारी रखा जाएगा। उन्होंने आंकड़ों के साथ दिल्ली की खस्ता हाल शिक्षा व्यवस्था, मोहल्ला क्लिनिक व प्रदूषण पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथों लिया। कहा कि दिल्ली की सड़कों पर जाम लगा रहता है। एक भी नया कॉलेज नहीं खुला। दिल्ली के सरकारी अस्पतालों का बुरा हाल है। मरीजों को दवाएं नहीं मिल रही। मोहल्ला क्लिनिक के नाम पर धोखा दिया गया। मुख्यमंत्री ने अभद्र भाषा का प्रयोग करने और असंवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने के सिवा कुछ नहीं किया है।
एक मंच पर जुटे भाजपा नेता
आपसी गुटबाजी के लिए मशहूर भाजपा रविवार को एक मंच पर दिखाई पड़ी। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल अपने निवास स्थान पर बराबर कोई ना कोई कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जाने जाते हैं, यह पहला मौका था जब प्रदेश भाजपा की टीम भी उनके मंच पर मौजूद दिखी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत उनकी टीम ने भी ढोल बजाकर विजय गोयल के आंदोलन का समर्थन करते दिखे। प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धांतन भी कार्यक्रम में शरीक हुए। कार्यक्रम में आप के बागी नेता कपिल मिश्रा भी पहुंचे थे। इनके अलावा प्रदेश भाजपा के पूर्व महामंत्री आशिष सूद, विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा, पूर्व विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश, राजीव बब्बर समेत कई दिल्ली के नेता उपस्थित थे।