आप ने यूं ही नहीं किया प्रॉपर्टी टैक्स माफ करने का वादा, BJP ने भी किया ये काम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रिहायशी संपत्तियों का प्रॉपर्टी टैक्स माफ करने संबंधी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की घोषणा भाजपा नेताओं के लिए गले की फांस बन गई है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के भाजपा पार्षदों ने खुलासा किया कि डीएमसी एक्ट में प्रॉपर्टी टैक्स माफ करने का प्रावधान है और नगर निगम का सदन टैक्स माफ कर सकता है।
उसी आधार पर, उन्होंने पिछले दिनों 50 गज एवं उससे कम क्षेत्र में बने मकानों का टैक्स माफ किया था। खास बात यह है कि इस मामले में भाजपा के अनेक नेता संसद और मीडिया में कह चुके है कि केवल संसद ही टैक्स माफ कर सकती है।
प्रदेश भाजपा ने एमसीडी चुनाव के सिलसिले में बृहस्पतिवार को पूर्वी दिल्ली नगर निगम के अपने पार्षदों को आगे किया। प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने अपने शासनकाल की उपलब्धियां गिनाई।
इसके अलावा दिल्ली सरकार पर नगर निगम के साथ सौतेले व्यवहार अपनाने का आरोप लगाया। इस मौके पर सदन के नेता संजय जैन ने कहा कि उन्होंने बजट में 50 गज तक की छोटी रिहायशी संपत्तियों को प्रॉपर्टी टैक्स मुक्त करने का प्रस्ताव पारित किया है।
उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि डीएमसी एक्ट की धारा 177 के तहत नगर निगम के सदन को प्रॉपर्टी टैक्स माफ करने का अधिकार है। उनके बाद प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने संवाददाता सम्मेलन में अपनी हवेली के संबंध में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आरोपों पर सफाई दी।
उन्होंने बताया कि उनकी हवेली का टैक्स शाहजानाबाद बोर्ड की सिफारिश के तहत माफ किया गया है। बोर्ड के अध्यक्ष मनीष सिसोदिया हैं। दूसरी ओर उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने रिहायशी संपत्तियों का प्रॉपर्टी टैक्स माफ करने की घोषणा भले ही कर दी है, लेकिन वह इस वादे को पूरा नहीं करेंगे।
उन्होंने दो वर्ष पहले विधानसभा चुनाव से पहले भी अनेक घोषणाएं की थी, मगर उनमें एक भी घोषणा पूरी नहीं हुई है। वह जनता को गुमराह कर रहे हैं।