सोमनाथ भारती को घेरने के लिए बना है स्पेशल प्लान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली की चुनावी जंग जीतने के लिए भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। जीत के लिए नरेंद्र मोदी कैबिनेट के कई धुरंधरों को कमान सौंपने की तैयारी है। सत्तर विधानसभा सीटों के लिए 70 सांसद की तैनाती की जाएगी।
इनमें डेढ़ दर्जन के करीब केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। वहीं चार केंद्रीय मंत्री प्रदेश भाजपा कार्यालय से चुनावी कमान संभालने में अभी से ही जुट गए हैं।
विधानसभा क्षेत्रों में भले ही अभी चुनावी सरगर्मी बहुत ज्यादा देखने को नहीं मिल रही है, लेकिन भाजपा की रणनीति को देखकर लगता है कि केंद्रीय नेतृत्व ने भी ठान लिया है कि दिल्ली चुनाव हर हाल में जीतना है।
सिर्फ प्रत्याशियों के भरोसे भाजपा नहीं है उनके पूरे चुनावी रणनीति के लिए केंद्र की तरफ टीम लगाने की रणनीति है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, धमेंद्र प्रधान, निर्मला सीतारमन और संगठन महामंत्री रामलाल कमान अपने हाथ में तो ले ही चुके हैं।
केजरीवाल के लिए खास रणनीति
साथ ही किस विधानसभा में किस सांसद व केंद्रीय मंत्री को तैनात होना है इसकी भी सूची तैयार कर ली गई है। जिलास्तर पर तो भाजपा के दिग्गज पहले ही कमान संभाल चुके हैं।
भाजपा के एक केंद्रीय मंत्री के अनुसार आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अरविंद केजरीवाल के खिलाफ रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी गई है।
मालवीय नगर विधानसभा सीट के आप प्रत्याशी सोमनाथ भारती को घेरने के लिए केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमन को तैनात किया जाएगा। इसी तरह मॉडल टाऊन विधानसभा में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल।
मुस्लिम सीट के लिए अलग प्लान
मुस्लिम बहुल सीट मटिया महल व बल्ली मारान में शहनवाज हुसैन को तैनात किया जाएगा। नरेला व बादली विधानसभा में केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह।
इसी तरह संगम विहार व कालकाजी में अनंत कुमार और बाबरपुर में मुख्तार अब्बास नकवी को तैनात किया जाएगा। जबकि केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत, हंसराज अहीर, राजीव प्रताप रूड़ी, मनोज सिन्हा, ओम प्रकाश धनकड़, संजीव बालियान, राज्यवर्धन सिंह राठौर, महेश शर्मा, रामशंकर कठेरिया, संतोष गंगवार समेत कई शामिल हैं।
इसके अलावा चुनाव में दिग्गज सांसदों की टीम भी जुटेगी इसमें मुख्य रूप से किरीट सौमैया, अनुराग ठाकुर, संजय जैसवाल, नरवीर यादव समेत कई शामिल हैं।