हर आहट में सिद्धार्थ को तलाश रहा है बेनसन, बेजुबान ने छोड़ा खाना-पीना
मर्सडीज से कुचलकर हुई सिद्धार्थ की मौत के बाद उसके बेजुबान दोस्त लेब्राडोर नस्ल के कुत्ते बेनसन ने भी खाना पीना छोड़ दिया है। घर में होने वाली हर आहट में वह सिद्धार्थ को तलाश रहा है।
उसे खाना खिलाने के लिए परिवार वालों को सिद्धार्थ के नाम का सहारा लेना पड़ रहा है। हालांकि वह शब्दों को समझ नहीं पाता है, लेकिन सिद्धार्थ का नाम सुनते ही उसकी आंखों में चमक आ जाती है। बेनसन तीन माह की उम्र से ही सिद्धार्थ के साथ दोस्तों की तरह रह रहा था।
बेनसन को सिद्धार्थ की बड़ी बहन शिल्पी ने गोद लिया था। शिल्पी के मुताबिक, जब वह लंदन गई थी तो बेनसन सिद्धार्थ के पास ही था। उनके बीच दोस्ती हो गई। दोनों घर में काफी मस्ती करते थे।
सिद्धार्थ बेनसन का जन्मदिन मनाता था
यह सब यादें शिल्पी के मोबाइल के वीडियो में कैद है। शिल्पी बताती है कि छह साल में दोनों के बीच इतना गहरा प्यार हो गया कि दोनों एक-दूसरे के बिना नहीं रह पाते थे। सिद्धार्थ बेनसन का जन्मदिन मनाता था।
हादसे के चार दिन तक बेनसन ने खाना-पीना छोड़ दिया। परिवार वालों को रोते देख शायद वह सब कुछ समझ रहा था। जब सिद्धार्थ का शव घर लाया गया तो शव कपड़ों से ढंका था, लेकिन बेनसन यह देखकर बेचैनी महसूस कर लगातार भौंक रहा था।
उसकी बेचैनी को देखकर परिवार वाले भी अपनी भावना पर काबू नहीं कर पा रहे थे। अब परिवार वाले बेनसन को सिद्धार्थ को वीडियो दिखाकर यह विश्वास दिलाने की कोशिश कर रहे हैं कि सिद्धार्थ उनके साथ है।