कांग्रेस की बड़ी महिला नेता ने माकन पर लगाया गंभीर आरोप, दिया इस्तीफा
दिल्ली कांग्रेस की प्रदेश महिला अध्यक्ष व दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष बरखा सिंह शुक्ला ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसका कारण कांग्रेस दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन द्वारा उनके साथ किया गया दुर्व्यवहार है।
कहा जा रहा है कि अजय माकन ने बरखा से दुर्व्यवहार किया था जिसकी शिकायत उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से भी की थी। हालांकि अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है इसी से नाराज होकर बरखा ने दिल्ली कांग्रेस की प्रदेश महिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।
हालांकि बरखा ने कांग्रेस पार्टी नहीं छोड़ी है। उनका कहना है कि वो जन्मजात कांग्रेसी हैं और पार्टी उनकी है इसलिए वो पार्टी नहीं छोड़ेंगी। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया पर भी सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी उनकी नहीं सुनी। राहुल से कांग्रेस नहीं संभल रही।
अजय माकन पर पहले भी लगे ऐसे आरोप
बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस महिला मोर्चा की बाबरपुर की जिलाध्यक्ष रचना सचदेवा ने दिल्ली कांग्रेस चीफ अजय माकन, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शोभा ओझा और कांग्रेस नेता नेट्टा डीसूजा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
सचदेवा ने इन तीनों के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न, बदसलूकी और धमकी देने का आरोप लगाया है। तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में सचदेवा ने दावा किया है कि जब उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सामने एमसीडी चुनाव के लिए टिकट बंटवारे के मुद्दे को उठाया तो उनका उत्पीड़न किया गया।
सचदेवा ने कथित तौर पर गांधी से कहा था कि कांग्रेस नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट दिया गया। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।
हमारे सहयोगी न्यूज चैनल टाइम्स नाऊ से बात करते हुए सचदेवा ने दावा किया कि शोभा ओझा और नेट्टा डीसूजा ने उन्हें धमकी दी और राहुल गांधी के सामने टिकट वितरण का मुद्दा उठाने के लिए उनका मानसिक उत्पीड़न किया।
सचदेवा का कहना है कि उनसे लिखित माफी मांगने को कहा गया लेकिन जब उन्होंने मना कर दिया तो वे लोग उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।