चाय की चुस्की ने बिगाड़ा संतुलन, अपनी ही बंदूक से गार्ड मरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फरीदाबाद के एनआईटी-5 में केसी रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की एक ब्रांच में सोमवार दोपहर सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक से अचानक गोली चल गई। गोली गार्ड की गर्दन के बाईं ओर लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
एनआईटी थाना क्षेत्र में केसी रोड पर बांगा गेस्ट हाउस के पास बैंक ऑफ बड़ौदा की ब्रांच है। यहां 50 वर्षीय गजराज सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वह मूल रूप से पलवल के टीकरी गूर्जर का निवासी था।
बैंक के मुख्य प्रबंधक वीएम बोरदिया ने बताया कि दोपहर में लंच के बाद सभी लोग काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पटाखा फटने जैसी तेज आवाज आई। बाहर आकर देखा तो चाय वाला चिल्ला रहा था कि गार्ड को गोली लग गई। उन्होंने मौके पर गार्ड पड़ा देखा, गार्ड की गर्दन में गोली लगी थी।
आर्मी से रिटायर होकर बैंक में लगा था गार्ड
प्रबंधक के मुताबिक घटना के बाद बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें पता लगा कि घटना दोपहर 2:53 मिनट पर हुई है। लेकिन फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड नहीं हो पाई। केवल गार्ड के जमीन पर गिरने के दृश्य ही रिकॉर्ड हुए हैं।
बैंक के बाहर चाय की दुकान लगाने वाले कुमार अरोड़ा ने बताया कि वह बैंक में चाय लेकर आया था, उसने कंप्यूटर रूम के पास खड़े सिक्योरिटी गार्ड गजराज को कांच के गिलास में चाय दी जिसे काउंटर पर रख दिया। गजराज ने अपने गंधे से अपनी एक नाली बंदूक उतार कर नीचे रखी और चाय लेने के लिए काउंटर पर झुका। इसी दौरान अचानक गोली चल गई।
आर्मी से रिटायर था गार्ड: घटना के बाद मौके पर पहुंचे गजराज के मामा श्रद्धाराम ने बताया कि वह और गजराज दोनों आर्मी में हवलदार के पद से वर्ष 2000 में रिटायर हुए थे। तभी से वह गार्ड की नौकरी कर रहा था, करीब तीन वर्ष पहले इस ब्रांच में नौकरी करने आया था। देर शाम समाचार लिखे जाने तक पुलिस बैंक में जांच कर रही थी, मामला दर्ज नहीं हो सका था।