स्टिंग ऑपरेशन में केजरीवाल को लेकर हुआ बड़ा खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर एक बार फिर हमले की साजिश रची जा रही है। लोकसभा चुनाव के दौरान कई बार हमले का शिकार हो चुके केजरीवाल पर दिल्ली में ही हमला हो सकता है।
इस बात का खुलासा एक स्टिंग ऑपरेशन से हुआ है। साथ ही यह भी सामने आया है कि अब तक केजरीवाल पर जो भी हमले हुए हैं वो पूरी तरह से प्लान करके किए गए और इनके पीछे एक बड़ी साजिश थी।
स्टिंग में इस बात का खुलासा हुआ है कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की 24 अगस्त को किराड़ी इलाके में होने वाली जनसभा में कुछ हो सकता है। इस पूरे मामले में स्थानीय विधायक और उनके एक करीबी का नाम सामने आ रहा है।
खुद को विधायक का करीबी बताने वाले इस शख्स ने ऐसे चौंकाने वाले राज खोले हैं जिन्हें सुनकर हर कोई दंग है। लोकेश नाम के इस युवक ने जो कुछ भी कहा वह एक छिपे हुए कैमरे में कैद हो गया और फिर खुल गई केजरीवाल पर हमले की साजिश की पोल।
'24 तारीख को केजरीवाल को पीटेंगे'
हिंदी न्यूज चैनल 'न्यूज 24' की ओर से किए गए इस स्टिंग ऑपरेशन में अरविंद केजरीवाल पर हमले की साजिश का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस पूरी साजिश में दिल्ली के किराड़ी इलाके से भाजपा विधायक अनिल झा का नाम भी सामने आया है।
स्टिंग ऑपरेशन की फुटेज में जिस शख्स को दिखाया गया है उसने साफ शब्दों में कहा कि 24 अगस्त को केजरीवाल की जनसभा में कुछ होगा। उसने यह भी कहा कि पिछली बार केजरीवाल के रोडशो के दौरान जब ऑटो ड्राइवर ने थप्पड़ मारा था, ये बता उसे और विधायक को पहले से पता थी।
लोकेश नाम के इस युवक ने कहा कि जब ऑटो ड्राइवर की इस साजिश के बारे में विधायक को बताया गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा किजो हो रहा है होने दो। लोकेश ने यह भी कहा कि स्वामी जी (विधायक) ही उसके सबकुछ हैं और वह उनके इशारे पर कुछ भी कर सकता है।
चैनल की वीडियो फुटेज में लोकेश को यह कहते हुए सुना गया है कि '24 तारीख को केजरीवाल को पीटेंगे'। स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भाजपा पर हमला बोलना शुरू कर दिया है।
भाजपा विधायक ने दी सफाई, भड़के सिसोदिया
अरविंद केजरीवाल पर हमले की साजिश का खुलासा होने के बाद आप के दिग्गज नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह भाजपा विधायक अनिल झा की टीम की पोल खुल गई है। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी जब केजरीवाल पर हमला हुआ था तो उन्होंने कहा था कि थप्पड़ मारने वाले के बजाय उसके मास्टर माइंड को ढूंढ़ना चाहिए जो ये सब करवा रहा है। और आखिरकार वह चेहरा सामने आ ही गया।
सिसोदिया के इस बयान पर भाजपा विधायक अनिल झा ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी की तरह ओछी रीजनीति नहीं करते हैं और उन्होंने ऐसी किसी भी साजिश के बारे में कभी भी नहीं सोचा और न ही सोचा।
हालांकि अनिल झा ने चैनल से बताचीत के दौरान इस बात को स्वीकार किया है कि वह लोकेश को जानते हैं और वह उनका करीबी है। झा ने कहा कि उन्हें केजरीवाल चाहे जहां रैली करें उन्हें कोई परवाह नहीं है। वह उन पर हमला क्यों करवाएंगे। झा ने यह आरोप लगाया कि केजरीवाल पर जब पिछली बार हमला हुआ था तो उन्होंने ऑटो ड्राइवर से खुद जाकर माफी मांगी थी और बाद में यह भी पता चला था कि वह 'आप' का ही कार्यकर्ता था।
News 24: अरविंद केजरीवाल पर हमले की साजिश का पर्दाफाश। 24अगस्त को किराङी जनसभा में हमले की तैयारी कर रही थी बीजेपी विधायक अनिल झा की टीम।
— Manish Sisodia (@msisodia) August 22, 2014
झा के इस बयान पर सिसोदिया ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने ऑटो वाले को माफ कर दिया था लेकिन कमिश्नर से इस पूरी साजिश के मास्टर माइंड का पता लगाने की अपील की थी जो अब सामने आ गया है।
केजरी के समर्थन में छिड़ा 'सोशल वार'
स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद अरविंद केजरीवाल के समर्थकों ने सोशल मीडिया वार छेड़ दिया है। भाजपा पर साजिश रचने का आरोप लगाते हुए आप समर्थकों ने ट्विटर और फेसबुक पर उन्हें ललकारा है।
आम आदमी पार्टी ने अपने ट्वीट में लिखा कि इस तरह के हमलों से भ्रष्टाचार और राजनीति में अपराधियों के खिलाफ पार्टी की मुहिम थमेगी नहीं, बल्कि वह और मजबूत होगी।
पार्टी प्रवक्ता दिलीप पांडेय ने कहा- 'अफ़सोस उनकी बुद्धि पर जो सोचते हैं केजरीवाल हमले से डर जायेगा। जिसने देशहित में सब त्याग दिया, मौत से बेख़ौफ़ उस शख्श का नाम है-अरविंद'
अफ़सोस उनकी बुद्धि पर जो सोचते हैं केजरीवाल हमले से डर जायेगा।जिसने देशहित में सब त्याग दिया,मौत से बेख़ौफ़ उस शख्श का नाम है-अरविंद.#News24
— Dilip K. Pandey (@dilipkpandey) August 22, 2014
वहीं, पार्टी के समर्थकों ने भाजपा को जमकर कोसा है। लोगों का कहना है कि पार्टी की जनसभा अपने समय पर ही होगी, भाजपा के ऐसे कारनामों से केजरीवाल को आगे बढ़ने से रोका नहीं जा सकता।
आम आदमी पार्टी ने शनिवार दोपहर 2 बजे एक आकस्मिक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। इसमें भाजपा की साजिश पर ही कुछ सवाल उठाए।