Delhi: अरविंदर सिंह लवली होंगे सदन में प्रोटेम स्पीकर, 24 फरवरी से शुरू होगा दिल्ली विधानसभा सत्र
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 24 फरवरी को दिल्ली विधानसभा सत्र की शुरुआत होगी और 25 फरवरी को लंबित 14 सीएजी की रिपोर्ट को सदन के पटल पर रखा जाएगा।
विस्तार
भाजपा विधायक और पूर्व दिल्ली विधानसभा नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि अरविंदर सिंह लवली सदन के प्रोटेम स्पीकर होंगे। गुप्ता ने गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक के बारे में कहा कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक में इस बात पर चर्चा हुई है कि आगे की कार्यवाही कैसे आगे बढ़ाई जाए।
कौन होता है प्रोटेम स्पीकर?
प्रोटेम स्पीकर सदन का एक अस्थायी अध्यक्ष होता है जो सीमित अवधि के लिए और पूर्णकालिक अध्यक्ष के चुनाव होने तक सदन की कार्यवाही का संचालन करता है। गुप्ता ने बता करते हुए आगे कहा कि नई सरकार नए उत्साह और नए जुनून के साथ सत्ता में आई है। बता दें कि वीजेंद्र गुप्ता को नई सरकार में विधानसभा स्पीकर चुना जाएगा।
24 फरवरी से विधानसभा सत्र
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 24 फरवरी को दिल्ली विधानसभा सत्र की शुरुआत होगी और 25 फरवरी को लंबित 14 सीएजी की रिपोर्ट को सदन के पटल पर रखा जाएगा। सदन का पहला सत्र तीन दिन तक (27 फरवरी) चलेगा। सत्र के पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी।
रेखा की टीम में कौन-कौन?
गुरुवार को रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शालीमार बाग विधानसभा की विधायक रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इनके साथ ही दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पार्टी नेता प्रवेश वर्मा और आशीष सूद को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलवाया। इनके अलावा भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। सिरसा ने पंजाबी में शपथ लिया। भाजपा विधायक रविन्द्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह ने भी दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली।
पहली कैबिनेट बैठक के बाद क्या बोलीं सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली सरकार ने गुरुवार रात आयुष्मान योजना को मंजूरी दे दी। साथ ही, विधानसभा सत्र की पहली बैठक में आप सरकार के कार्यकाल में आई सीएजी की 14 रिपोर्टों को सदन के पटल पर रखा जाएगा। कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में केंद्र सरकार की लोकप्रिय और जनकल्याणकारी आयुष्मान योजना को लागू किया जाएगा, जिसे आप सरकार ने रोक रखा था। पहली बैठक में कैबिनेट ने इस योजना लागू करने का फैसला किया गया है। इसमें पांच लाख रुपये केंद्र सरकार और पांच लाख रुपये दिल्ली सरकार देगी। केंद्र सरकार की 70 साल की उम्र पूरी कर चुके वरिष्ठ नागरिकों के मुफ्त इलाज की सुविधा अब दिल्लीवालों को मिलेगी। मंजूरी के बाद योजना लागू करने की आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही इसका मसौदा सार्वजनिक कर दिया जाएगा। रेखा गुप्ता के मुताबिक, बैठक में आप सरकार के दौरान आई सीएजी रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई। इसकी 14 रिपोर्ट अभी लंबित हैं। विधानसभा की पहली बैठक में इसे सदन में रखा जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.