केजरीवाल ने रेहड़ी-पटरी वालों से वादा करके धोखा दिया: मनोज तिवारी
मंगलवार को नई दिल्ली स्थित कांस्टिट्यूशन क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रेहड़ी पटरी को लेकर दिल्ली सरकार को आड़े हाथ लिया।
राष्ट्रीय पूर्वांचल महासंघ के कार्यक्रम में मनोज तिवारी ने कहा कि निगम और पुलिस प्रशासन से मिलकर रेहड़ी-पटरी वालों की तमाम समस्याओं को दूर करने के लिए प्रदेश भाजपा वचनबद्ध हैं। चुनाव के समय केजरीवाल ने दिल्ली की रेहड़ी-पटरी लगाने वालों से वादा किया था कि हम रेहड़ी-पटरी के लिए कानून बनाकर उन्हें उचित व्यवस्था देंगे, इस बात का ध्यान देंगे।
पक्की दुकाने देने का वादा करने वाले केजरीवाल ने इसके उलट रेहड़ी-पटरी लगाकर अपनी जीविका चला रहे लोगों के सामने हर दिन नई मुसीबत खड़ी कर दी हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के इन लोगों को दो जून की रोटी के लाले पड़ रहे हैं।
तिवारी ने कहा कि खुद को आर्थिक रूप से कमजोरों का सहारा कहने वाले सीएम केजरीवाल ने सत्ता में आने के बाद रेहड़ी-पटरी वालों से किये वादे को भूल गए। जब रेहड़ी-पटरी वाले अपनी समस्या लेकर स्थानीय विधायक के पास गये तो उन्हें यह कहकर भगा दिया कि आपने आम आदमी पार्टी को वोट नहीं दिया।
जबकि भाजपा अन्त्योदय के आदर्श पर काम करती है ताकि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक उसका लाभ मिल सके। सीएम केजरीवाल ने झूठ के सहारे सत्ता तो पा ली, लेकिन साढ़े चार वर्ष उन्होंने उसी झूठ को हर दिन नया रूप देते रहे। अब जनता को इंतजार केवल विधानसभा चुनाव का है ताकि दिल्ली में हर विधानसभा सीट पर कमल खिलाकर दिल्ली को खुशहाल व विकसित बनाया जा सके।
केजरीवाल लाखों रेहड़ी पटरी वालों के भावना से खेल रहे है:विजेन्द्र गुप्ता
विधानसभा नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रेहड़ी-पटरी वालों को लाइसेंस देने की घोषणा को चुनावी स्टंट बताया है। उन्होंने कहा है कि सुविधा देने का वादा कर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सारे मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं।
गुप्ता ने कहा कि चुनाव करीब देख आनन फानन में दिल्ली को वेंडिंग कमेटी एक्ट 2014 लागू करने वाला पहला राज्य बनाने की घोषणा कर डाली। लेकिन इस वादा को पूरा करने के लिए व्यावहारिक योजना नहीं है। पिछले 55 महीनों में सड़क पर सामान बेचकर अपने परिवार का जीवन यापन करने वालों को बसाने के लिए कोई ठोस काम नहीं किया।
सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली सरकार को झाड़ नहीं लगाई होती तो सरकार की नींद नहीं खुलती। चुनाव नजदीक आते देख मुख्यमंत्री को गरीबों की याद आई। जल्दबाजी में उन्होंने एमसीडी को एक महीने में सर्वे पूरा करने का आदेश तक दे डाला जबकि त्योहारों के मौसम में यह काम कठिन है। सर्वे का काम पूरा नहीं होने पर मुख्यमंत्री इसकी जिम्मेदारी एमसीडी पर थोप देंगे। गरीब रेहड़ी पटरी वालों के लिये कोई ठोस योजना लेकर आए और धरातल पर काम करें।
रेहड़ी पटरी वालों का रोजगार छीनकर झूठे ख्वाब दिखा रही है सरकार: देवेंद्र यादव
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली सरकार व भाजपा पर रेहड़ी-पटरी वालों का रोजगार छीनने का आरोप मढ़ा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की पूर्व सरकार ने रेहड़ी पटरी संरक्षण अधिनियम के तहत आबादी के ढाई प्रतिशत रेहड़ी पटरी वालों के साथ टाऊन वेंडिंग कमेटी बनाकर उन्हें जगह आवंटित करने को कहा था। शुरू में तो इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। अब वेडिंग कमेटी बनी भी तो आम आदमी पार्टी के समर्थक वाले यूनियनों को टाऊन वेडिंग कमेटी में शामिल कर लिया गया।
यादव ने कहा कि 10 अक्तूबर को कांग्रेस पार्टी रेहड़ी वालों के समर्थन में दिल्ली सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगी। सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करेगी। रेहड़ी-पटरी वालों का रोजगार छीना जा रहा है। सड़क से हटाकर उन्हें वैकल्पिक जगह नहीं मुहैया नहीं कराई जा रही है। सड़क पर रोजगार करने की सुविधा की जगह अंतरराष्ट्रीय मानक वाले खोखें देने की बात की जा रही है।
दिल्ली सरकार पहले उनका रोजगार सुनिश्चित करें फिर उन्हें सब्जबाग दिखाए। उन्होंने टाऊन वेंडिंग कमेटी को भंग कर फिर से सभी राजनीतिक पार्टी के समर्थकों के वेंडर से मशवरा लेकर गठित करने की मांग की है। यादव ने कहा कि एमसीडी तो पहले से ही भ्रष्टाचार में लिप्त है ऐसे में सर्वे की जिम्मेदारी सौंपना बेहद ही निराशाजनक है। चुनाव नजदीक आते देख गरीबों के नाम पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राजनीति कर रहे है।