दिल्ली में मकान डी-सील करने पर राजनीति: भड़के केजरीवाल, मनोज तिवारी ने बताई ये बड़ी वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में सीलिंग का मुद्दा एक बार फिर तूल पकड़ने लगा है। सभी राजनीतिक पार्टियां इसके विरोध में उतर आई हैं। कांग्रेस पार्टी तो पहले से ही इसके खिलाफ अभियान छेड़े हुए है तो आम आदमी पार्टी का ट्रेड विंग भी जबरदस्त विरोध कर रहा है। इसी बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक मकान को डी-सील कर दिया है। इसे लेकर दिल्ली की राजनीति गरमा गई है।
मनोज तिवारी की ओर से मकान को डी-सील किए जाने को भाजपा उचित कदम बता रही है। पार्टी का कहना है कि स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने ऐसा किया। यह भी कहना है कि दुकानों की सीलिंग की गई है यह तो समझ में आता है, लेकिन पूरा घर सील करने पर लोग बेघर हो जाते है। छत छीनने का दर्द सहनीय नहीं होता है।
गोकलपुरी इलाके में मकान को डी-सील करने पर सीएम केजरीवाल ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी पर हमला बोला, उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, ये ख़ुद ही सुबह सीलिंग करते हैं और ख़ुद ही शाम को जाकर ताला तोड़ देते हैं। इन्हें क्या लगता है कि लोग बेवक़ूफ़ हैं? नोटबंदी, GST और अब सीलिंग करके भाजपा ने पूरी दिल्ली को बर्बाद कर दिया।
मनोज तिवारी ने कहा कि, कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल अब अनाधिकृत को अधिकृत के तौर पर परिवर्तित करने के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। वह घर अनाधिकृत कॉलोनी में था जिसे सील किया गया, लेकिन वहां करीब 1000 घर हैं ऐसे में सिर्फ एक घर को ही क्यों सील किया गया? मैं किसी एक को निशाना बनाने के सिस्टम का विरोध करता हूं।
#WATCH: Delhi BJP President Manoj Tiwari break sealed lock of a house in Gokalpur area of Delhi. He says 'If there are 1000 houses there then why was only one sealed? I oppose this pick and choose system so I broke the sealed lock.' (16.09.2018) pic.twitter.com/hMn6YlP3aG
— ANI (@ANI) September 17, 2018
न्याययुद्ध अभियान से घबराई भाजपा कर रही ड्रामेबाजी : कांग्रेस
कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक मुकेश शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के सीलिंग के खिलाफ चलाए जा रहे न्याययुद्ध अभियान से भाजपा घबरा गई है। घर का सील तोड़कर भाजपा महज ड्रामेबाजी कर रही है। अगर दिल्ली वालों के लिए कुछ करना ही है तो सीलिंग को बंद किया जाए और सील किए गए प्रॉपर्टी को डी-सील किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सांसद व विधायक सीलिंग को नहीं रोक सकते तो इस्तीफा दें दे। मुकेश शर्मा ने सीलिंग के लिए आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार को भी घेरा। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जल्द सीलिंग की परेशानी से दिल्ली वालों को बचाने की मांग की।
तोड़ने के बजाए सीलिंग रुकवाए भाजपा : आप
सीलिंग तोड़ने पर आप ट्रेड विंग ने भी तंज कसते हुए कहा कि ताला तोड़ने के बजाय भाजपा सीलिंग रुकवाए और सील दुकानों को खुलवाए। केंद्र और एमसीडी में भाजपा की सरकार है। भाजपा पर हजारों सील की गई दुकानों के तालों को खोलने की जिम्मेदारी है। तोड़ने की जिम्मेदारी नहीं है। ताला तो कारोबारी भी तोड़ सकता है, लेकिन वे यह काम नहीं करते हैं। क्योंकि सभी को पता है कि ताला तोड़ता ‘कौन’ है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले ही बोल चुके है कि दिल्ली में अगर सातों सांसद हमारे होते तो दिल्ली में सीलिंग नहीं होने देते।