कोर्ट में पेश नहीं हुए केजरी और भारती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती ने भाजपा नेताओं के उस आरोप को गलत बताया है, जिसमें कहा गया है कि उन्होंने जनप्रतिनिधित्व कानून का उल्लंघन कर चुनावों में तय सीमा से अधिक धन का इस्तेमाल किया था।
उन्होंने तर्क रखा कि रॉक शो के खर्च को आधार बनाकर उनके खिलाफ जो याचिका दायर की गई है, वह बेबुनियाद और आधारहीन है।
न्यायमूर्ति विपिन सांघी व जीएस सिस्तानी के समक्ष के समक्ष केजरीवाल और सोमनाथ भारती ने दायर जवाब में कहा कि पहले तो यह कोई रॉक शो या म्यूजिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि आम आदमी पार्टी की पब्लिक मीटिंग थी।
एक करोड़ रुपये खर्च करने का दावा
उन्होंने कहा कि शो के दौरान जिन कलाकारों ने अपने कार्यक्रम दिए, उनको पार्टी ने कोई भुगतान नहीं किया। शपथपत्र सहित चुनाव आयोग को इसकी जानकारी दी गई है। उन्होंने इस आरोप को भी गलत बताया कि टीवी चैनलों में विज्ञापन के जरिए रॉक शो की जानकारी दी गई थी और पार्टी ने तय नियमों के तहत इजाजत लेकर यह मीटिंग की थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च करने का दावा किया है, लेकिन उन्होंने ऐसा एक भी तथ्य नहीं बताया कि कहां और किस मद में क्या खर्च हुआ। यह याचिका विचारयोग्य नहीं है, इसलिए इसे खारिज किया जाए।
सुनवाई के दौरान चुनावों में व्यस्त होने के कारण केजरीवाल व सोमनाथ भारती पेश नहीं हुए। अदालत ने अब सुनवाई 19 मई तय करते हुए दोनों पक्षों को संयुक्त रजिस्ट्रार के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है। उसके बाद 25 जुलाई को सुनवाई होगी।
ये है पूरा मामला
नई दिल्ली से भाजपा के प्रत्याशी रहे विजेंद्र गुप्ता व मालवीय नगर से प्रत्याशी रहीं आरती मेहरा ने याचिका दायर करके जंतर-मंतर पर 23 नवंबर 2013 को हुए रॉक शो ‘जीत की गूंज-वोट फॉर चेंज’ के खर्च को इनके चुनाव खर्च में जोड़ने को मुख्य आधार बनाया है।
विजेंद्र गुप्ता और आरती मेहरा के अधिवक्ता ने तर्क रखा कि तय नियमों के तहत चुनावों में हर प्रत्याशी 14 लाख रुपये खर्च कर सकता है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने अपना चुनाव खर्च 3,99,953 रुपये दिखाया है, जबकि सोमनाथ भारती ने 4,95,330 रुपये दिखाया है, लेकिन दोनों ने रॉक शो के खर्च को नहीं दिखाया।