{"_id":"c6feeb232fc149745ae9c88abd51c19b","slug":"appu-ghar-ready-in-gurgaon","type":"story","status":"publish","title_hn":"इंदिरा गांधी की पहल पर दिल्ली में बना था ये 'अप्पू घर'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
इंदिरा गांधी की पहल पर दिल्ली में बना था ये 'अप्पू घर'
अमित कुमार/ अमर उजाला, गुड़गांव
Updated Wed, 05 Feb 2014 06:18 PM IST
विज्ञापन
दिल्ली से करीब पांच साल पहले उजाड़ा गया अप्पू घर साइबर सिटी के सेक्टर-29 में बनकर तैयार हो गया है।
विज्ञापन
हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पीछे करीब 60 एकड़ में स्थापित यह अप्पू घर दो महीने बाद जनता के लिए खोल दिया जाएगा। खास बात है कि इसमें पारिवारिक मनोरंजन केंद्र भी बनाया जा रहा है।
देश का पहला अप्पू घर 1984 में प्रगति मैदान के भीतर स्थापित किया गया था। इंदिरा गांधी की पहल पर बनाए गए इस अप्पू घर का उद्घाटन तात्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 19 नवंबर 1984 को किया था।
विज्ञापन
दिल्ली में 24 साल का यादगार सफर तय करने के बाद यह अप्पू घर 17 फरवरी 2008 को बंद कर दिया गया था। दरअसल, अप्पू घर के लिए लीज पर ली गई करीब 15.5 एकड़ जमीन का 1999 के बाद नवीनीकरण ही नहीं कराया जा सका। गुड़गांव के सेक्टर-29 के इस अप्पू घर का शिलान्यास 3 अक्तूबर 2011 में किया गया था।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें: ये कैसा पार्क? जहां न सर्दी होगी ना गर्मी
ऐसे में सुप्रीम कोर्ट ने इसकी जमीन पर पुस्तकालय, वकीलों के बैठने के लिए चैंबर और पार्किंग इत्यादि बनाने के निर्देश जारी कर दिए। साथ ही, अप्पू घर की संचालक कंपनी को भी निर्देश दिए कि वह किसी अन्य स्थान पर अप्पू घर को स्थापित करे।
कंपनी ने कई स्थानों का अवलोकन करने के बाद साइबर सिटी को चुना। सेक्टर-29 में करीब 60 एकड़ जमीन पर आज यह अप्पू घर बनकर लगभग तैयार हो गया है।
विदेशों में प्रचलित राइड भी होंगी शामिल
यह अप्पू घर अनोखा और अलग होगा। इसमें न केवल पहले वाले अप्पू घर में शामिल राइड्स को शामिल किया जाएगा, बल्कि विदेशों में प्रचलित राइड भी शामिल होंगी। यहां पर वॉटर पार्क भी बनाया जा रहा है। वॉटर पार्क का यह हिस्सा जंगल में किसी झील में बोटिंग करने का मजा देगा। इसके आसपास घना जंगल होगा।
खास बात है कि बोटिंग करते समय जंगली जानवरों की आवाजे सुनाई देंगी। वेव पूल में आर्टिफिशियल समुद्री लहरें बनाई जाएंगी। राइडर को इन लहरों के बीच समुद्र में होने का अहसास होगा। यह एक कनेडियन राइड है। पूरे एनसीआर के किसी भी वॉटर पार्क में इस तरह की लहरें नहीं हैं। इसके अलावा पार्क में आइकॉनिक टावर बनाया जाएगा।
यह आइकॉनिक टावर अप्पू घर की पहचान बनेगा और जमीन से इसकी ऊंचाई करीब 140 मीटर होगी। दावा किया जा रहा है कि यह इस तरह का देश का पहला टावर होगा। इस टावर के सबसे ऊपर एक रेस्तरां का निर्माण होगा। इस टावर से सारे एनसीआर का नजारा देखा जा सकेगा। इसके अलावा भी कई रोमांच रहेंगे।
मनोरंजन का गढ़ होगा अप्पू घर
यह अप्पू घर मनोरंजन का गढ़ होगा। इसमें सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए विभिन्न खेलों की व्यवस्था रहेगी। इसमें पारिवारिक मनोरंजन केंद्र भी खोला जाएगा। इसमें अलग-अलग फ्लोर पर अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन की व्यवस्था होगी।
चूंकि यह अप्पू घर हुडा सिटी मेट्रो स्टेशन के बेहद नजदीक है, लिहाजा तय माना जा रहा है कि उद्घाटन के बाद से यह एनसीआर के लोगों के दिलो दिमाग पर छा जाएगा। अंतिम चरण का काम भी बेहद तेजी से चल रहा है ताकि अप्रैल माह में इसे जनता के लिए बिना और बिलंब खोला जा सके।