सुविधा : इस ऐप से सुलझ जाएंगी आपकी समस्याएं, जानें इसकी खासियत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनडीएमसी के बाद तीनों नगर निगम ने भी समस्याओं का समाधान करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए ‘मोबाइल ऐप 311’ का सहारा लिया है। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने सोमवार को राजनिवास में ऐप की शुरुआत की।
इस दौरान तीनों नगर निगम के महापौर, स्थायी समिति के अध्यक्ष और आयुक्त व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। नोडल एजेंसी होने के नाते दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने ऐप के शुभारंभ में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ऐप के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक शौचालयों, पुलिस स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों, पेट्रोल पंपों, पार्किंग, अस्पतालों, बस स्टैंड, पशु चिकित्सा केंद्रों, पुस्तकालयों, जिम और अन्य स्थानों की स्थिति का पता लगाने में मदद मिलेगी।
इससे लोगों का जीवन सुविधाजनक हो जाएगा, क्योंकि वे स्थिति की जानकारी लेकर नागरिक सुविधाओं का फायदा उठा सकेंगे। इसके अलावा लोग आपात सेवाओं के लिए नियंत्रण कक्ष, अग्निशमन सेवा, एंबुलेंस, आपदा प्रबंधन और महिला हेल्पलाइन के साथ संपर्क कर सकेंगे।
इन शिकायतों को भी दर्ज करवाने का मिलेगा मौका
दूसरी ओर ऐप के माध्यम से लोगों को सफाई, स्वच्छता और कूड़े कचरे आदि से संबंधित शिकायतें दर्ज करवाने का मौका मिलेगा। ये शिकायतें पूरे विवरण के साथ स्थान की फोटो के साथ दर्ज कराई जा सकेंगी।
ऐप पर शिकायत दर्ज होने के बाद उसे सीधे संबंधित अधिकारी के पास भेज दिया जाएगा। शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति, संबंधित अधिकारी का विवरण, प्रगति और समाधान की स्थिति की जांच कर सकेगा।
इस ऐप का आवास और शहरी कार्य मंत्रालय के स्वच्छता ऐप के साथ सम्मिलन कर दिया गया है। इस मौके पर उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि ‘मोबाइल ऐप 311’ की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के अनुरूप है।
वहीं दक्षिण दिल्ली नगर निगम की महापौर कमलजीत सहरावत ने कहा कि इस ऐप का शिकायत निवारण व्यवस्था में क्रांतिकारी प्रभाव होगा।