वो चीखती रही, लेकिन उसे गर्म चीजों से लगातार जलाते रहे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शकरपुर इलाके में दो बहनों ने भाई के साथ मिलकर पूर्वोत्तर की रहने वाली अपनी नौकरानी पर जमकर जुल्म ढाया। असम की रहने वाली 22 साल की युवती को उसकी छोटी-छोटी गलतियों के लिए सिगरेट, प्रेस (इस्त्री) और गर्म चिमटे से दागा जाता रहा।
विरोध करने पर बुरी तरह मारपीट की गई। शनिवार को तो उसका हाथ ही तोड़ दिया। किसी तरह पीड़िता आरोपियों के चंगुल से छूटी और उसने एक शख्स की मदद से पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों बहनों प्रिया दास (35) और मंशादास (50) को दबोच लिया है। इनका भाई राजीव फरार है, पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर रही हैं।
घर की हालत ठीक नहीं थी तो दिल्ली आ गई थी
पुलिस के मुताबिक, सपना (22, बदला हुआ) असम की रहने वाली है। घर की माली हालात खराब होने से वह चार साल पहले नौकरी की तलाश में दिल्ली आई थी।
डेढ़ साल पूर्व शकरपुर की रहने वाली प्रियादास ने सपना को एक हजार रुपये महीने में काम पर रख लिया। प्रिया के साथ उसका पति, भाई राजीव और 50 साल की बहन मंशा रहती है।
प्रिया का पति एक एनजीओ चलाता है। आरोप है कि छोटी-छोटी बातों पर प्रिया, मंशा और उनका भाई सपना के साथ मारपीट करने लगे। उसे गर्म चीजों से दागा जाने लगा।
जान से मारने की धमकी दी गई
शनिवार को मारपीट के दौरान सपना का एक हाथ तोड़ दिया गया। किसी तरह वह जान बचाकर वहां से भागी। सपना रोती हुई शकरपुर के एक साईं मंदिर पहुंची।
वहां राकेश अरोड़ा नामक शख्स ने उसे रोते हुए देखकर पूछताछ की। बाद में वह राकेश की मदद से थाने पहुंची। सपना का चेहरा, हाथ और शरीर के कई अंग सिगरेट और प्रेस से जले हुए थे।
उसका हाथ भी टूटा हुआ था। पुलिस ने फौरन उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में मामला दर्ज कर आरोपी बहनों को दबोच लिया गया। राजीव की तलाश की जा रही है।