फेसबुक पर यूं बयां किया एक अधिकारी ने अपना दर्द, पढ़कर आप भी चौंक जाएंगे
नगर निगम के ट्यूबवेल हेल्पर से पिटाई के शिकार हुए कराधान अधिकारी रतन लाल रोहिल्ला ने सोशल मीडिया पर निगम की हकीकत पोस्ट करते हुए कुछ लोगों पर निगम सिस्टम को धराशायी करने का आरोप लगाया है।
साथ ही खुद पर हमले होने और हत्या होने तक की आशंका जताई। उन्होंने शुक्रवार को फेसबुक पेज पर अपना दर्द बयां किया। इस पोस्ट को कई लोगों का समर्थन भी मिल रहा है। फिलहाल, नगर निगम को कौन खोखला करने में लगा है और किसने भ्रष्टाचार किया है इसके बारे में कुछ भी नहीं लिखा है।
बता दें कि इसके पहले भी रोहिल्ला ने फेसबुक पर निगम में भ्रष्टाचार फैलने और समय आने पर उसका खुलासा करने की बात पोस्ट की थी। इसकी कई लोगों ने सराहना भी की थी।
रोहिल्ला ने फेसबुक पर की गई पोस्ट में लिखा है कि मेरा तो नाम है, निगम के विकास के लिए दिन-रात जुनूनी तरीके से काम करने वाले लोगों पर हमला कर ये लोग पर्दे के पीछे से ऐसी हरकतें करके निगम के सिस्टम को धराशायी करना चाहते हैं। पर शायद ये लोग गलतफहमी के शिकार हैं कि ऐसा करके मुझे अपने पथ से पीछे हटाने में कामयाब हो पाएंगे।
जानलेवा हमले में तो मैं बच गया, ऐसा हमला मेरे ऊपर फिर हो सकता है
इस जानलेवा हमले में तो मैं बच गया, हो सकता है कि ऐसा हमला मेरे ऊपर फिर हो। यदि जान भी ले लेंगे तो मेरी शहादत की चिंगारियां इन षड़यंत्रकारियों को अपने नापाक इरादों में कामयाब नहीं होने देगी।
इस प्रकार के हमले की आशंका मैंने पहले ही मुख्यमंत्री और प्रशासन को एक पत्र के माध्यम से कर दी थी। षड़यंत्रकारियों को बेनकाब हुए बिना हल्की फुल्की धाराओं के कारण मेरे ऊपर हमला करने वाले की रिहाई एक बहुत बड़े षड्यंत्र की ओर इशारा कर रही है।
क्या मेरी हत्या की तैयारी है। यदि हां तो मैं तैयार हूं, लेकिन भ्रष्टाचारी, षड़यंत्रकारियों से डर करके घर में छुप करके बैठने वाला नहीं हूं। आयुक्त महोदय सहित जिन जिन साथियों ने मेरे लिए दुआएं की उनका कोटि कोटि धन्यवाद।
रतन लाल रोहिल्ला।’ इस पोस्ट से साफ जाहिर कि नगर निगम आकंठ भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। इसकी निष्पक्ष तरीके से जांच कराने और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।