दिल्लीः लॉकडाउन के चलते चिड़ियाघर में ही तैयार हुआ स्लॉटर हाउस, वन्यजीवों को मिल रहा ताजा मांस
इसके साथ ही चिड़ियाघर में पर्यटकों का प्रवेश बंद होने के साथ इन दिनों वन्यजीव भी चिड़ियाघर की हरियाली के बीच खुद को तनावमुक्त महसूस कर रहे हैं। चिड़ियाघर के रेंजर सौरभ वशिष्ठ ने बताया कि इन दिनों प्रशासन बाहर से मांस नहीं मंगा रहा है।
एहतियातन हमने चिड़ियाघर के अंदर ही अस्थाई तौर पर स्लॉटर हाउस की व्यवस्था की है। ऐसे में वन्यजीवों को अब ताजा मांस मिल रहा है। इससे अब खाने की बर्बादी भी नहीं हो रही है। हालांकि, यह व्यवस्था लॉक डाउन खत्म होने तक रहेगी। इसके बाद से पहले की तरह अधिकृत सप्लायर से ही मांस मंगाया जाएगा।
पर्यटकों का प्रवेश बंद होने से हरियाली के बीच आराम फरमा रहे वन्यजीव
चिड़ियाघर के निदेशक सुनीष बख्शी ने बताया कि पर्यटकों के न आने के बाद से चिड़ियाघर का माहौल काफी शांत हो गया है। ऐसे में पहले के मुकाबले वन्यजीव अब खुद को तनावमुक्त महसूस कर रहे हैं।
यही कारण है कि अधिकतर बाड़ों में वन्यजीव अब पहले से अधिक सक्रिय नजर आते हैं। उन्होंने बताया कि वन्यजीवों के व्यवहार का आकलन करने के लिए चिड़ियाघर ने दो वन्यजीव विशेषज्ञों को को रखा है। जोकि चिड़ियाघर के करीब 1200 वन्यजीवों पर अपनी नजर बनाए हुए हैं।
इनके साथ चिड़ियाघर के दो बायोलॉजिस्ट भी काम कर रहे हैं। यह प्रतिदिन वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखकर रिकॉर्ड बना रहे हैं। इसमें उनके खाने-पीने व सोने समेत अनेक अन्य गतिविधियों की रिपोर्ट केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण(सीजेडए) को सौंपी जा रही है।