होटल में लड़की से दो दिन तक दरिंदगी: कॉलेज जा रही छात्रा को बीच से युवकों ने किया अगवा, आपबीत सुन परिजन सन्न
आरोप है कि छात्रा को डरा धमकाकर आरोपी ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। मंगलवार को पीड़ित छात्रा आरोपियों के चंगुल से बाहर निकलने में कामयाब हो गई।
विस्तार
सोहना शहर थाना क्षेत्र की एक छात्रा का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा स्नातक में पढ़ाई कर रही है। मामले में दो युवक शामिल हैं। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित छात्रा ने एक आरोपी पर जबरन शादी करने का आरोप भी लगाया है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शहर थाना सीमा क्षेत्र में रहने वाली छात्रा अपने घर से परीक्षा देने के लिए कॉलेज के लिए निकली थी। आरोपी युवकों ने छात्रा के कॉलेज पहुंचने से पूर्व ही उसको जबरन अपनी गाड़ी में बिठा कर अपहरण कर लिया। आरोपी युवक छात्रा का अपहरण करने के बाद उसको गुरुग्राम स्थित एक होटल में ले गए थे।
जहां दो दिनों तक रुके और दोनों आरोपियों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दो दिनों के बाद एक आरोपी छात्रा को गुरुग्राम में ही अपनी बहन के घर पर ले गया। जहां पर पीड़ित छात्रा ने आरोपी की बहन को पूरी जानकारी दी। उसके बाद आरोपी छात्रा को जयपुर अपने रिश्तेदार के घर पर ले गए।
जहां पर छात्रा को डरा धमकाकर आरोपी ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। मंगलवार को पीड़ित छात्रा आरोपियों के चंगुल से बाहर निकलने में कामयाब हो गई। बाहर निकलने के बाद किसी अनजान की मदद लेकर अपने परिजनों को फोन किया। इसकी सूचना परिजनों ने शहर थाना पुलिस को दी।
स्थानीय पुलिस ने जयपुर की पुलिस से संपर्क साधकर छात्रा को परिजनों को दिलवा दिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस आरोपी को जांच के लिए जयपुर ले गई है। हालांकि पुलिस मामले में कुछ भी बताने से इनकार कर रही है।