सीलिंग मुद्दाः मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में हुई बैठक, नहीं मिला आश्वासन
दिल्ली सचिवालय में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट की मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में सर्वदलीय बैठक हुई। इसमें कैबिनेट सहयोगियों के साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और कांग्रेस के अभिषेक दत्त मौजूद थे।
बैठक में तीनों दलों ने कमेटी से दिल्ली में सीलिंग बंद करने की गुजारिश की। बैठक में कमेटी के सदस्यों भूरे लाल व केजी राव ने तीनों दलों के प्रतिनिधियों की दलीलें व सीलिंग बंद करने के बारे में सुझाव सुने। लेकिन मॉनीटरिंग कमेटी ने बैठक में इस मसले पर कोई भी आश्वासन नहीं दिया।
बैठक खत्म होने के बाद मनोज तिवारी, अभिषेक दत्त व आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज एक साथ मीडिया के सामने आए। मनोज तिवारी ने कहा कि मॉनिटरिंग कमेटी ने सारी आपत्तियां सुनीं। लेकिन कमेटी से सीलिंग बंद करने का कोई आश्वासन नहीं दिया। तीनों पार्टी ने एक सुर में मांग की है कि सीलिंग के बारे में जब केंद्र सरकार मास्टर प्लान में संशोधन कर रही है तब तक सीलिंग को रोक देना चाहिए।
शहरी गांवों समेत अनधिकृत कॉलोनियों में किसी तरह की सीलिंग नहीं हो रही
दूसरी तरफ सौरभ भारद्वाज ने बताया कि मॉनिटरिंग कमेटी ने सबको सुना है। सदस्यों ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण व शहरी गांवों समेत अनधिकृत कॉलोनियों में किसी तरह की सीलिंग नहीं हो रही है। आप विधायकों के इन इलाकों में सीलिंग से जुड़े पर सदस्यों ने हैरानी भी जताई। उन्होंने बताया कि डीडीए मास्टर प्लान मे संशोधन ला रहा है। वहीं, केंद्र व दिल्ली सरकार और निगम के वकीलों को बदलने पर बात हुई।
दूसरे दलों से अच्छे वकील के नाम सुझाने को कहा गया है। वहीं, अभिषेक दत्त का कहना था कि मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। अगली सुनवाई तक सीलिंग बंद होने की उम्मीद है। सीलिंग से पहले नोटिस भेजा जाना चाहिए।
इससे पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री ने सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। पिछले बार की सर्वदलीय बैठक में नहीं पहुंचने वाले भाजपा के प्रतिनिधि बुधवार को दिल्ली सचिवालय पहुंचे। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने बताया था कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के तीन प्रतिनिधि बैठक में हिस्सा लेंगे। हालांकि, पिछली बैठक में अजय माकन खुद बैठक में शामिल हुए थे।