कोहरे की दस्तक के बाद मंडरा रहा हादसे का खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर की सड़कों पर हादसों का खतरा मंडरा रहा है। रोड मार्किंग के आभाव में लेन ड्राइविंग, सेफ ड्राइविंग का फॉर्मूला लागू नहीं हो पा रहा है। नेशनल हाईवे से लेकर शहर की अंदरूनी सड़कों पर रि-सरफेसिंग होने के बाद भी रोड मार्किंग का काम शुरू नहीं हो पाया है, जबकि कोहरे ने दस्तक दे दी है।
एनएचएआई और प्रशासन की लापरवाही का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हाईवे पर शुरू किए गए तीन फ्लाईओवर पर अब तक रोशनी की व्यवस्था तक नहीं की गई है। नेशनल हाईवे पर सफर को कैसे सुरक्षित बनाया जाए।
इस ओर न तो एनएचएआई का ध्यान है और न ही पुलिस-प्रशासन को परवाह है। हाईवे पर अवैध कट हादसों को न्यौता दे रहे हैं। सड़क में जगह जगह गड्ढे परेशानी का सबब बने हुए हैं। कोहरे की दस्तक के बाद हाईवे का हाल जानने की कोशिश की गई।
बाटा चौक फ्लाईओवर
बल्लभगढ़ से दिल्ली की ओर फरीदाबाद की सीमा में सबसे पहला फ्लाईओवर पड़ता है। इसको सितंबर में ही शुरू कर दिया गया था, लेकिन आज तक सुरक्षित सफर का इंतजाम नहीं हो पाया है। तीन महीने बाद भी न तो फ्लाईओवर पर लाइटों की व्यवस्था की की गई और न ही सड़क की सतह पर सफेद लाइनें खींची गई हैं। कोहरे को ध्यान में रख अब तक रिफ्लेक्टर भी नहीं लगे हैं।
लाइट की व्यवस्था न होने से शाम ढलते ही फ्लाईओवर अंधेरे में डूब जाता है।
बडखल चौक फ्लाईओवर
बडखल चौक पर अक्तूबर में फ्लाईओवर शुरू हुआ था, लेकिन यहां भी लापरवाही के सबूत साफ देखते जा सकते हैं। लाइटों की व्यवस्था न होने के कारण शाम ढलते ही फ्लाईओवर अंधेरे में डूब जाता है। रोड मार्किंग न होने से कोहरे में वाहन फ्लाईओवर से गुजरना मुनासिब नहीं समझ रहे। अब तक यहां भी रिफ्लेक्टर की व्यवस्था नहीं की जा सकी है।
ओल्ड चौक फ्लाईओवर
जल्दबाजी में अधूरी तैयारियों के साथ ओल्ड चौराहे के फ्लाईओवर पर भी वाहन दौड़ा दिए गए। यहां भी वाहन चालक जान जोखिम में डालकर सफर करते हैं। सेक्टर-21, ओल्ड रेलवे स्टेशन, सेक्टर-16ए,19, बाईपास के वाहनों का भारी दबाव इस फ्लाईओवर पर बढ़ गया है। कोहरे में यहां भी सफर सुरक्षित नहीं है, क्योंकि अब तक यहां भी लाइट की व्यवस्था नहीं की जा सकी है।
जल्द किए जाएंगे इंतजाम
एनएचएआई को इस संबध में पत्र लिख कर सूचित कर दिया गया है। कोहरे को ध्यान में रख जल्द ही इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ ही हाईवे पर बने अवैध कटों को भी बंद करने के लिए कहा गया है। -देवेंद्र यादव, एसीपी ट्रैफिक
कोहरे में क्या करें
उचित दूरी बनाकर एक-दूसरे के पीछे चलें, वाहन के दोनों इंडिकेटर जलाकर रखें, सावधानी के तौर पर वाहन पर फॉग लाइट लगवाएं, रोड साइन को फॉलो कर वाहन चलाएं, ओवरटेक हर हाल में दाईं तरफ से ही करें, वाहन चलाते वक्त डिपर का इस्तेमाल करें, वाहन पर रिफ्लेक्टर का प्रयोग करना बेहतर, किसी भी परिस्थिति में गलत दिशा में न चलें, वाहन खराब होने पर पार्किंग लेन का प्रयोग करें।