जयंती मोड़ पर हालात तनावपूर्ण, चप्पे-चप्पे पर पहरा, बंद रहे बाजार
जयंती मोड़ पर शनिवार शाम दो संप्रदायों के युवकों के बीच बने टकराव के बाद रविवार को भी शहर में तनावपूर्ण हालात बने रहे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। पूरे जिले की पुलिस व डीएसपी स्तर के अधिकारी शहर में ठहरे हुए हैं और शांति बनाने के प्रयासों में जुटे हैं।
हिंदू संगठनों ने कुंडा मंदिर पर पंचायत कर प्रशासन को आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। पंचायत में चेतावनी दी गई है कि यदि आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। उधर व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया।
हथीन शहर के चारों तरफ पुलिस ने पिकेट बनाकर सघन जांच शुरू कर दी है तथा आम आदमी को जांच के बाद ही शहर में प्रवेश करने की इजाजत दी जा रही है। इस कारण लोगों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। संदिग्ध लोगों पर निगाह रखने के बहाने जो चेकिंग हो रही है उससे सभी लोग प्रभावित हैं।
यही कारण है कि रविवार को घटना के विरोध में हथीन के बाजार बंद रहे। समुदाय विशेष के लोग मार्किट नहीं आ रहे हैं जिससे कामकाज भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने हालांकि कर्फ्यू नहीं लगाया है परंतु शहर में कर्फ्यू जैसे हालात हैं।
पंचायत की अध्यक्षता हिंदु महाराणा प्रताप यूथ बिग्रेड के मार्गदर्शक नेपाल सिंह राघव ने की। पंचायत में वक्ताओं ने घटनाक्रम व इससे उपजे हालातों के बारे में विस्तार से लोगों को अवगत कराया।
श्रीराम युवा संगठन के अध्यक्ष अनिल कौशिक व बजरंग दल के जिला संयोजक भारत भूषण ने इस मामले में पुलिस प्रशासन की लापरवाही का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि पुलिस प्रशासन समय रहते आरोपियों की मोबाइल सर्विलांस के आधार पर लोकेशन पता कर उन्हें गिरफ्तार कर लेती तो हालात तनावपूर्ण न होते।
हिंदू करणी सेना के प्रधान संजय राणा का कहना था कि प्रशासन को जो समय दिया गया है उसका सदुपयोग करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लेना चाहिए। भाजपा के पूर्व सैनिक मोर्चा के वरिष्ठ नेता मोतीराम शर्मा ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार समय रहते कार्रवाई करेगी।
कसी पुलिस अधिकारी ने लापरवाही बरती तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। पार्षद रविन कुमार ने लोगों से संयम बरतने की अपील की और कहा कि प्रशासन को कड़े कदम उठाने चाहिए। गोरक्षा संघर्ष समिति मेवात के प्रधान सुंदर मुनि रनसीका ने प्रशासन से मांग की है कि अविलंब आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
समिति के प्रतिनिधिमंडल ने डीएसपी सुरेश कुमार, अभिमन्यु लोहान व मौजीराम से मुलाकात की। समिति के नेता संजय राणा ने बताया कि सोमवार को इस मामले में बैठक होगी। इस अवसर पर पंचायत में 23 सदस्यीय समिति का भी गठन किया गया। समिति प्रशासन के संपर्क में रहेगी और आगामी रणनीति तैयार करेगी। समिति शहर में शांति बनाए रखने के लिए भी कदम उठाएगी।
तीन नामजद सहित छह-सात के खिलाफ मामला दर्ज
मलाई गांव के निवासी एवं मुख्य सचिव कार्यालय हरियाणा के रिटायर्ड सुपरिंटेंडेंट जकरिया खान का कहना है कियुवाओं को भी अपनी ताकत लडाई झगड़ों के बजाय सकारात्मक ऊर्जा में लगानी चाहिए। उन्होंने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
ब्लॉक समिति के सदस्य डॉक्टर असगर हुसैन मठेपुर का कहना है कि यह इलाका गंगा-जमुनी तहजीब का इलाका है। एक-दूसरे के गोत्र एवं नाते सदियों से मिले हुए हैं। उन्होंने प्राचीन परंपराओं को निभाते हुए शांति बनाने में सभी को सहयोग करने की अपील की। राष्ट्रीय आर्य क्षत्रिय सभा के जिला अध्यक्ष गजराज आर्य ने कहा कि मानवीय सिद्धांतों के अनुरूप दोनों पक्षों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
हथीन पुलिस ने तीन नामजद युवकों सहित 6-7 युवकों के खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने, हत्या का प्रयास करने और गोलीबारी व लूटपाट करने का मुकदमा दर्ज किया है। एसएचओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि सुदीप के बयान पर अंधरौला निवासी कैफ, असलम,फैजल व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है उक्त युवकों ने बिल्डिंग मेट्रीयल सप्लायर से पचास हजार रुपये कैश छीना व सोने की चेन लूटी। फायरिंग की और धर्म विशेष के बारे में अभद्र टिप्पणियां कीं। एसएचओ ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की कार्रवाई जारी है।