मीणा का आदेश नहीं माना तो वारयरलेस संदेश से हटाया IPS
दिल्ली पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी की ओर से बृहस्पतिवार रात को वायरलेस मैसेज भेज कर नई दिल्ली जिले में तैनात आईपीएस अफसर साथिया सुंदरम को हटाकर ट्रैफिक में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
बताया जा रहा है कि सुंदरम को संयुक्त पुलिस आयुक्त मुकेश कुमार मीणा के आदेश को नहीं मानने के चलते हटाया गया है। दिल्ली पुलिस के इतिहास में शायद यह पहली बार हुआ है कि वायरलेस संदेश देकर किसी आईपीएस अफसर को हटाया गया है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2009 बैच के आईपीएस अफसर साथिया सुंदरम नई दिल्ली जिले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-दो के पद पर तैनात थे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त के आदेश को कई बार अनसुना कर दिया
बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे पुलिस हेडक्वार्टर से वायरलेस से संदेश दिया गया कि साथिया सुंदरम दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त मुक्तेश चंदर और ट्रैफिक में तैनात 2011 बैच के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीपक गौरी नई दिल्ली जिले के संयुक्त पुलिस आयुक्त मुकेश मीणा को रिपोर्ट करें।
दिल्ली पुलिस अधिकारी इस मामले में विभागीय बात होने की बात कहकर कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि सुंदरम पर आरोप है कि उन्होंने संयुक्त पुलिस आयुक्त के आदेश को कई बार अनसुना कर दिया। उन पर काम को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप भी है।