एसीबी ने मालीवाल के खिलाफ किया केस दर्ज, सिसोदिया से भी होगी पूछताछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने दिल्ली महिला आयोग में हुए कथित भर्ती घोटाले मामले में आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले सोमवार को एसीबी टीम ने स्वाति मालीवाल से पूछताछ की और 27 सवालों के जवाब भी मांगे।
मालीवाला के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट समेत साजिश रचने के लिए 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीबी के मुताबिक, मालीवाल के खिलाफ नियमों का उल्लंघन कर 85 लोगों की भर्ती करने का आरोप है।
इसे लेकर उन्हें शिकायत मिली, जिसके बाद फाइलों की जांच और पूछताछ के बाद प्राथमिक जांच में आरोपों को सही पाया गया। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताते चले कि दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह ने एसीबी में नियमों को ताक पर रखकर भर्ती करने की शिकायत की थी।
सिसोदिया को भी पूछताछ के लिए मिल सकता है नोटिस
शिकायत में कहा गया था कि कुल 85 लोगों की भर्ती की गई, जिसमें ज्यादातर लोग आम आदमी पार्टी नेताओं के रिश्तेदार, परिवार या फिर उनके एनजीओ के लोग हैं। शिकायत पर एसीबी ने अगस्त में महिला आयोग में छापेमारी भी की थी।
दिल्ली महिला आयोग में भर्ती घोटाले को लेकर स्वाति मालीवाल के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद एसीबी अब उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से पूछताछ के लिए नोटिस जारी करेगी। एसीबी चीफ मुकेश कुमार मीणा के मुताबिक इस केस से जुड़े सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वाति मालीवाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हम मनीष सिसोदिया को भी पूछताछ के लिए जल्द ही नोटिस जारी करेंगे। बताया जा रहा है कि जिन 85 लोगों की भर्तियां हुई हैं उसमें कई लोगों की सिफारिश उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी की है। इसके लिए उनकी तरफ से पत्र लिखे गए हैं।