आप में फिर पड़ी फूट, दो सांसद किये गए निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी ने पंजाब से आने वाले अपने दो सांसद धर्मवीर गांधी और हरिंदर सिंह खालसा को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
शनिवार को पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक में यह फैसला लिया गया। दोनों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते सस्पेंड करते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी गई है।
दोनों के खिलाफ आई शिकायतों की जांच पार्टी की राष्ट्रीय अनुशासनात्मक समिति के पास चल रही थी। दोनों सांसदों ने आज भी पार्टी के विरोध में पंजाब के बाबा बकला में एक प्रेस कांफ्रेंस की, उसमें पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल का बैनर व पार्टी सिंबल का इस्तेमाल किया।
पार्टी का कहना है इसके लिए उन्होंने कोई मंजूरी नहीं ली। आम आदमी पार्टी की ओर से मीडिया में एक सूचना जारी कर इस संबंध में जानकारी दी गई है।
योगेन्द्र-प्रशांत ने साधा निशाना
पार्टी का कहना है कि दोनों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थी, जिसे लेकर पीएसी ने इस मामले की जांच को तीन सदस्यीय अनुशासनात्मक समिति को भेजा गया था।
इस समिति में तीन सदस्य पंकज गुप्ता, दिलीप पांडेय और दीपक वाजपेयी हैं। समिति ने पंजाब से आने वाले दोनों सांसदों के खिलाफ जांच को सही पाने पर पीएसी को कार्रवाई करने की बात कही थी।
बताते चलें कि धर्मवीर गांधी ने योगेंद्र यादव के पार्टी से निकाले जाने के बाद ही पार्टी के खिलाफ बयान देना शुरू कर दिया था और हर मौके पर योगेंद्र और प्रशांत भूषण के साथ खड़े नजर आए।
हरिंदर सिंह खालसा ने भी पार्टी के कई फैसलों और पंजाब प्रभारी संजय सिंह के खिलाफ मीडिया में जमकर भड़ास निकाली थी।