आम आदमी पार्टी का 'पीक आवर्स' कैंपेन शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर पीक आवर्स कैंपेन शुरू किया है। सोमवार को पार्टी कार्यकर्ता राजधानी में करीब 80 फ्लाईओवर व फुटओवर ब्रिज पर बड़े-बड़े बैनर लेकर खड़े दिखाई दिए। इसके साथ ही पार्टी का प्रचार अभियान तीसरे दौर में पहुंच गया है।
पहले दौर की शुरुआत पिछले महीने कामर्शियल साइट्स पर अरविंद केजरीवाल के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए। इसके बाद ऑटो के पीछे केजरीवाल बनाम जगदीश मुखी का पोस्टर लगा। तीसरे दौर में पीक आवर्स कैंपेन शुरू किया गया है।
इसके तहत सुबह और शाम के पीक आवर्स में पार्टी कार्यकर्ता राजधानी के फ्लाईओवर और फुटओवर ब्रिज पर बड़े-बड़े बैनर लेकर दिखेंगे। पहले दिन सोमवार को आईटीओ, आश्रम, नारायणा, पंजाबी बाग, राजा गार्डन फ्लाईओवर समेत करीब 80 जगहों पर बैनर लगाए गए। पार्टी का मानना है कि इसका दोहरा फायदा होगा। एक तरफ जहां प्रचार पर मामूली रकम खर्च होगी। वहीं दिल्लीवासियों तक पार्टी का संदेश भी जाएगा।
चलता रहेगा कैम्पेन
पार्टी नेता दिलीप पांडेय ने बताया है कि फिलहाल सप्ताह में सोमवार और मंगलवार को यह कैंपेन चलेगा। शुरुआत 80 जगहों से हुई है। लेकिन आगे इसे 150 फ्लाईओवर और फुटओवर ब्रिज पर लगाया जाएगा। हर बार अलग-अलग मुद्दे पर आधारित स्लोगन लिखे जाएंगे। चुनाव तारीख नजदीक आने पर सारे वर्किंग डे में अभियान चलेगा।
केजरीवाल पर टिकट बेचने का आरोप
मटियामहल इलाके में कुछ लोगों ने पोस्टर लगाए हैं। इसके माध्यम से केजरीवाल पर टिकट बेचने का आरोप लगाया गया है। पोस्टर पर किसी का नाम नहीं लिखा है।
पार्टी ने पिछले विधान सभा चुनाव में इस सीट से मिर्जा जावेद अली को प्रत्याशी बनाया था। मिर्जा जावेेद इस बार भी टिकट मिलने को लेकर आश्वस्त भी थे। जबकि इस बार असीम अहमद खान को टिकट दिया है। माना जा रहा है कि इससे नाराज जावेद समर्थकों के गुट ने पोस्टर लगाया है। इस बारे में पार्टी ने जानकारी होने से इनकार किया।