चुनाव आयोग के हैकाथॉन में EVM से टैंपरिंग के लिए AAP ने मांगी इजाजत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) के एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को केंद्रीय चुनाव आयोग एक ज्ञापन दिया। पार्टी ने आयोग के हैकाथॉन पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई।
आप की मांग है कि हैकाथॉन के दौरान आयोग अपनी ईवीएम को हैक करने के लिये विशेषज्ञों को दे दे। साथ ही मशीन में छेड़छाड़ की इजाजत भी दे। पार्टी ने हैकाथॉन पर आयोग से स्पष्टीकरण भी मांगा है।
चुनाव आयोग पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ नेता संजय सिंह, आशुतोष और अतिशी मरलेना शामिल थीं। ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बात करते हुये संजय सिंह ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया फिलहाल सवालों के घेरे में है। आम लोगों के मन ईवीएम को लेकर संदेह पैदा हो गया है।
कई पार्टियां दावा कर रही है कि ईवीएम में छेड़छाड़ संभव है। आयोग की तरफ से बीते दिनों बुलायी गयी बैठक में राजनीतिक दलों ने कहा था कि ईवीएम के मदरबोर्ड बदलने से ईवीएम में हैकिंग संभव है।
संजय सिंह ने कहा-बिना छेड़छाड़ के हैकिंग संभव नहीं
संजय सिंह के मुताबिक, आयोग को ज्ञापन देने का हमारा मकसद यही था कि हैकाथॉन के दौरान विशेषज्ञों को ईवीएम में छेड़छाड़ की इजाजत दी जाये। इस बारे में हमने आयोग से स्पष्टीकरण भी मांगा। क्योंकि बगैर ईवीएम में छेड़छाड़ किये हैकिंग संभव नहीं है। वहीं, पहले भी आयोग ईवीएम का डेमो दिखाता आ रहा है।
आप नेताओं का कहना था कि आयोग के प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया है कि वह इस बारे में मुख्य चुनाव आयुक्त से बात करेंगे। इसके बाद ही जवाब देना संभव हो सकेगा। आप नेताओं ने कहा कि हैकाथॉन के दौरान अगर आयोग ईवीएम में छेड़छाड़ की इजाजत नहीं देता तब तक हैकाथॉन में शामिल होने पर पार्टी अपना रूख स्पष्ट नहीं कर सकेगी।