स्वराज संवाद जारी, शाम को होगा नई पार्टी का एलान!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुड़गांव में चल रहे स्वराज संवाद के बारे में पत्रकारों के सवालों के जवाब में योगेंद्र यादव ने कहा कि एक मत तो यह है कि आप में सब ठीक चल रहा है और हम पार्टी लीडरशिप पर भरोसा करते हैं।
दूसरा मत कहता है कि हमें संघर्ष करना चाहिए या फिर दूसरी पार्टी बना लेनी चाहिए। योगेंद्र ने पत्रकारों से कहा कि सबकुछ आपकी आंखों के सामने होगा और हम शाम तक किसी निष्कर्ष पर पहुंच पाएंगे।
उन्होंने स्वराज संवाद को लेकर पार्टी के रवैये के बारे में कहा कि मुझे आश्चर्य है कि जो पार्टी डेमोक्रेसी के सिद्धांतों पर बनी थी, वही संवाद से भयभीत है।
किसानों के बारे में चिंतन करे AAP
अपनी बात की शुरूआत उन्होंने पार्टी किस तरह खड़ी हुई और कैसे विश्वभर से पार्टी को सपोर्ट मिला इस बारे में बात की। इसके बाद उन्होंने किन मुद्दों पर आम आदमी पार्टी को काम व चिंतन करना चाहिए ये बताया।
शांति भूषण ने किसानों की समस्या को एक बड़ी समस्या के रूप में देखते हुए पार्टी को उनके लिए काम करने को कहा। उन्होंने इस बात की भी वकालत की कि किसानों को उनकी फसल के लिए जो न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलता है वो बहुत कम है।
शांति भूषण का कहना था कि आप को इन मूल्यों को किस तरह बढ़ाया जा सकता है इस बारे में काम करना चाहिए। किसानों को फसलों के लिए मिलने वाला न्यूनतम समर्थन मूल्य करीब 50 प्रतिशत बढ़ाने की बात कही।
आप ने जारी किया 'तुगलकी फरमान'
गुड़गांव में चल रहे स्वराज संवाद पर पार्टी के विधायक गोपल राय ने कहा कि पार्टी वहां हो रही सभी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और कोई भी निर्णय बाद में लिया जाएगा।
वहीं शाजिया इल्मी ने बैठक पर अपनाए गए पार्टी रुख को लेकर कहा कि एक तरफ तो स्वराज संवाद चल रहा है। वहीं दूसरी तरफ पार्टी ने 'तुगलकी फरमान' जारी कर दिया है।
शाजिया आगे कहती हैं कि इस तुगलकी फरमान में कहा गया है कि पार्टी का आज की बैठक से कोई लेना देना नहीं है। और इसे पार्टी विरोधी गतिविधि के रूप में देखा जाएगा।
शाजिया के अनुसार आप का ये फरमान कहता है कि उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी जो इस बैठक में दिखाई दिया। उनका कहना है कि लोगों को यादव और भूषण क्या कह रहे हैं इतना सुनने का हक तो मिलना ही चाहिए। आखिर इसमें गलत क्या है?
'AAP का संविधान हमें स्वराज संवाद करने का हक प्रदान करता है'
आप नेता योगेंद्र यादव आज गुड़गांव में होने वाली स्वराज संवाद के लिए पहुंच चुके हैं। यहां पहुंचकर उन्होंने बैठक के बारे में बताया कि यह संवाद वैकल्पिक राजनीति की संभावना तलाशने के लिए की जा रही है।
यादव ने बताया कि यहां जो कुछ भी होगा आपकी आंखों के सामने ही आएगा। जब योगेंद्र से पूछा गया कि पार्टी इस बैठक की वैधता से इंकार कर रही है तो उन्होंने कहा कि पार्टी को इस बैठक को अपनाने की जरूरत नहीं है।
आप संविधान हर पार्टी सदस्य को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रदान करता है जो अन्य कोई पार्टी नहीं करती। अगर कार्यकर्ता इस स्वतंत्रता के अधिकार का इस्तेमाल करते हैं तो मुझे यकीन है कि पार्टी इसका सम्मान करेगी।
आप की दिशा तय करने को हो रहा है स्वराज संवाद
स्वराज संवाद के लिए बड़ी संख्या में लोग गुड़गांव पहुंच चुके हैं। सोमवार से ही यहां बैठक लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं का आना जारी है। बैठक के बारे में पूछने पर आप के तिमारपुर के विधायक पंकज पुष्कर ने कहा कि स्वराज संवाद का आयोजन पार्टी को मजबूत और नया रूप देने के लिए किया गया है।
वहीं राष्ट्रीय परिषद के पूर्व सदस्य विशाल शर्मा लाठे ने बताया कि विभिन्न राज्यों के हजारों कार्यकर्ता आज स्वराज संवाद में भाग लेंगे। इस बैठक में ये मशविरा किया जाएगा कि क्या पार्टी गलत दिशा में जा रही और इसे ठीक करने के लिए क्या किया जा सकता है।
लाठे ने ये भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच में संवाद का हमेशा ही अभाव रहा है और यह मौका उस गैप को खत्म करने का है। लाठे ने ये भी कहा कि अगर ये शक्ति प्रदर्शन है तो क्या केजरीवाल द्वारा आयोजित की जाने वाली बैठकें भी शक्ति प्रदर्शन ही है।
AAP के बागियों की गुड़गांव में बैठक आज
आम आदमी पार्टी (आप) के अंदरूनी हालात पर चर्चा सहित कुछ ठोस निर्णय लेने के लिए मंगलवार को आप का बागी गुट स्वराज संवाद करेगा। इसमें योगेंद्र यादव समर्थक तीन हजार लोग हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं।
बैठक गुड़गांव के माता रोड स्थित शुभ वाटिका में होगी। इसकी अध्यक्षता योगेंद्र यादव करेंगे। सोमवार शाम तक देशभर से सैकड़ों कार्यकर्ता गुड़गांव पहुंच गए थे। कार्यकर्ताओं के ठहरने की व्यवस्था सुखराली स्थित सामुदायिक भवन में की गई है।
बैठक की तैयारी का जिम्मा संभालने वाले रणवीर यादव ने कहा कि वर्तमान स्थिति के बारे में कार्यकर्ताओं से राय ली जाएगी। संवाद के बाद नई पार्टी बनाने जैसा बड़ा फैसला भी लिया जा सकता है। यह बैठक सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
हिस्सा लेने वालों को बाहर करेगी AAP
स्वराज संवाद की बैठक राजनीतिक तौर पर काफी अहम है। इस बैठक पर अरविंद केजरीवाल गुट के लोगों की भी नजर लगी हुई है। इसके अलावा कांग्रेस व भाजपा सहित अन्य दल भी इस पर नजर गड़ाए बैठे हैं।
बैठक के संयोजक आरसी राव का कहना है कि कार्यकर्ताओं की राय पहले पार्टी को मजबूत बनाने की दिशा में होगी। अगर स्थिति नहीं बनी तो किसी भी प्रकार का ठोस निर्णय लिया जा सकता है। नई पार्टी के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि कुछ भी हो सकता है।
आम आदमी पार्टी (आप) के बागी योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण समेत उनके सभी सहयोगियों को इसी हफ्ते आप से बाहर किया जा सकता है। आप की मंगलवार को विरोधी गुट की तरफ से बुलाई गई स्वराज संवाद बैठक पर नजर है। इसमें शामिल होने वाले लोगों पर पार्टी कार्रवाई कर सकती है। वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने सोमवार को इस तरफ इशारा किया।