तेज फैसलों के लिए 'आप' ने बनाई खास योजना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली सरकार विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों का एक पैनल बनाएगी जो चुनावी वादों को पूरा करने और योजनाओं को लागू करने में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मदद करेगा। माना जा रहा है कि सरकार अगले कुछ दिनों में विशेषज्ञ समिति का गठन कर देगी, जो मुख्यमंत्री कार्यालय के अधीन काम करेगी। इससे सरकार के फैसलों में तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अधीन काम करने वाली कमेटी में बिजली, पानी, पर्यावरण, प्रशासन आदि से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे। कमेटी के सदस्य सरकार के फैसलों में तेजी लाने के लिए सलाह देंगे।
गौरतलब है कि आप ने अपने घोषणापत्र में दिल्ली में हर घर को हर महीने 20 हजार लीटर मुफ्त पानी देने और बिजली का बिल आधा करने का वादा किया था। वहीं, दिल्लीभर में करीब 1.5 लाख सीसीटीवी लगाने, महिलाओं को इंसाफ दिलाने के लिए 47 फास्ट ट्रैक कोर्ट और यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में मार्शल तैनात करने का वादा किया था।
पार्टी भी देगी मदद
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस समिति के जरिये चुनावी वादों को पूरा करने की रणनीति तैयार की जाएगी। समिति दूसरे विभागों के कामकाज पर भी निगरानी रखेगी। आम आदमी पार्टी सरकार के सामने अपने चुनावी वादों को पूरा करने की बड़ी चुनौती है।
इसके लिए पार्टी के स्तर पर भी तैयारी की जा रही है। दिल्ली डायलॉग से जुड़े विशेषज्ञों को भी वादे को पूरा करने के लिए खाका तैयार करने को कहा गया है। वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने बताया कि पार्टी में विशेषज्ञों की एक बड़ी टीम है। दिल्ली सरकार को पार्टी से जिस तरह की जरूरत होगी, उसे पूरा किया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने के बाद दिल्ली सचिवालय में मीडिया के प्रवेश पर लगी पाबंदी दूसरे दिन भी जारी रही। हालांकि, सरकार का कहना है कि दिल्ली सचिवालय में मीडिया के प्रवेश को लेकर वह दिल्ली पुलिस से राय मशविरा कर रही है। दिल्ली पुलिस की राय के बाद ही मीडिया के प्रवेश की नीति बनाई जाएगी।
सोमवार को इस बारे में मनीष सिसोदिया से मीडियाकर्मियों की बहस हो गई थी। इससे सिसोदिया प्रेस कांफ्रेंस छोड़कर चले गए थे। इस संबध में मीडियाकर्मियों ने बुधवार दोपहर बाद सचिवालय के मीडियारूम में एक बैठक बुलाई है।