मोदी बनाम केजरीवाल होगा 2024 चुनाव: सासंद संजय सिंह बोले, मनीष सिसोदिया पर सीबीआई की छापेमारी दे रही यह संदेश
आप से अब न तो केजरीवाल रूकने वाले हैं और न ही दिल्ली का शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल रूकने वाला है। संजय सिंह ने कहा कि केंद्र दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री को बंद करे या शिक्षा मंत्री पर कार्रवाई करे, दिल्ली और दिल्लीवासियों का कोई काम नहीं रूकेगा।
विस्तार
आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह ने कहा है कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर सीबीआई के छापे से भाजपा ने पूरे देश को दिया सियासी संदेश है कि 2024 लोकसभा चुनाव आम चुनाव ‘मोदी बनाम केजरीवाल’ होगा। संजय सिंह के मुताबिक, गुजरात जाकर जब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली और पंजाब का मॉडल वहां लागू करने की बात करते हैं, तो प्रधानमंत्री ‘फ्री की रेवड़ी’ कहकर हमलावर हो जाते हैं। इसके बाद जब केजरीवाल ने खुलासा किया कि ‘फ्री की रेवड़ी’ तो आपने अपने दोस्तों में बांट रखी है, तो प्रधानमंत्री ने मनीष सिसोदिया पर सीबीआई की रेड करा दी।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने सीबीआई रेड की वही तारीख चुनी गई, जिस दिन न्यूयॉर्क टाइम्स के पहले पेज पर मनीष सिसोदिया की फोटो के साथ दिल्ली के शिक्षा क्रांति की खबर छपी। बावजूद इसके आप से अब न तो केजरीवाल रूकने वाले हैं और न ही दिल्ली का शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल रूकने वाला है। संजय सिंह ने कहा कि केंद्र दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री को बंद करे या शिक्षा मंत्री पर कार्रवाई करे, दिल्ली और दिल्लीवासियों का कोई काम नहीं रूकेगा।
संजय सिंह के मुताबिक, पहले भी अरविंद केजरीवाल व मनीष सिसोदिया पर सीबीआई की रेड हुई और शुंगलू कमेटी ने 400 फाइलों की जांच करने के बाद क्लीन चीट दे दिया। अब जब विश्व में दिल्ली की शिक्षा नीति की तारीफ हो रही है तो भाजपा के लोगों ने प्रोपगंडा फैला रखा है कि यह पेड न्यूज है। जबकि इसी न्यूयॉर्क टाइम्स में कोरोना के कुप्रबंधन की भी खबर छपी थी, जिसमें लाखों लोगों की मौत हुई थी। उनका सवाल था कि भाजपा वाले भी न्यूयॉर्क टाइम्स में अपनी तारीफ में पेड न्यूज क्यों नहीं छपवा लेते? भाजपा के पास पैसे की कमी तो नहीं है।
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा के साथ जो रहता है, वो हरिश्चंद्र हो जाता है। येदुरप्पा भ्रष्टाचार के मामले में निकाले गए और फिर उनको पार्टी में लेकर संसदीय बोर्ड में शामिल कर लिया। वहीं, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी 20 हजार करोड़, नितीन संदेसरा छह हजार करोड़, विजय माल्या नौ हजार करोड़ और ललीत मोदी तीन हजार करोड़ लूटकर देश से ही भाग गया।
संजय सिंह ने पूछा कि भाजपा बताए कि 10 लाख करोड़ रुपये का लोन और पांच लाख करोड़ रुपए का टैक्स माफ करने के बदले उसको कितनी रिश्वत मिली। डीएचएफएल ने 42 हजार करोड़ रुपए का घोटाला किया और उससे भाजपा ने 29 करोड़ रुपए चंदा लिया, कितनों से ईडी और सीबीआई ने पूछताछ की? गुजरात में जहरीली शराब का हर साल 10 हजार करोड़ रुपए का अवैध धंधा होता है, भाजपा बताए कि कितनों पर कार्रवाई हुई?