बिजली-पानी पर फिर दांव लगाएगी 'आप'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) एक बार फिर सस्ती बिजली और पानी के वायदे के साथ चुनाव में उतरेगी। आम लोगों को 50 फीसदी सस्ती बिजली और 700 लीटर तक मुफ्त में पानी मिलेगा।
हालांकि अंधाधुंध पानी का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को टैक्स के दायरे में लाने की भी योजना है। पार्टी बिजली-पानी का ब्लू प्रिंट 13 दिसंबर को दिल्ली डायलॉग के तीसरे एडीशन में जारी करेगी।
पार्टी का दावा है कि बिजली सेक्टर में बड़े बदलाव की जरूरत है। डीईआरसी की मिलीभगत से बिजली कंपनियां महंगी बिजली दे रही हैं। डिस्कॉम्स का ऑडिट रुका पड़ा है। ट्रांसमिशन लाइन की हालत भी बदतर है। अगर सरकार जल्द ही इसमें प्रभावी दखल नहीं देती पांच साल बाद बिजली की कीमतें दो गुणी से ज्यादा बढ़ जाएंगी। यही नहीं, पार्टी की सरकार के इस्तीफा देने के बाद दिल्ली में बिजली का बिल 15 फीसदी बढ़ गया है।
पार्टी के मुताबिक, पिछले 9 सालों में दिल्ली में 18 बार पानी का बिल बढ़ा है। देश में किसी भी दूसरी दैनिक जरूरत की वस्तु का दाम इतनी बार नहीं बढ़ाया गया है। पार्टी का मानना है कि लाइफ लाइन के तौर पर पानी पर सबका अधिकार है। उसकी सरकार 700 लीटर तक मुफ्त में पानी मुहैया कराएगी। पार्टी इसका ब्लू प्रिंट भी तैयार कर रही है। अंधाधुंध पानी का इस्तेमाल करने वाले लोगों पर आप की सरकार प्रोग्रेसिव कर लगाएगी। वहीं, लीकेज पूरी तरह रोका जाएगा। इसके साथ ही पूरी दिल्ली को पेयजल पाइप लाइन में मुहैया कराया जाएगा।
दिल्ली डॉयलॉग से बनेगी बात
दिल्ली डॉयलाग की अगुवाई कर रहे आशीष खेतान ने बताया कि उनकी पार्टी की सरकार बिना बड़े खर्च के दिल्ली में बड़ा बदलाव लाएगी। शासन प्रशासन को तकनीक प्रधान किया जाएगा।
सरकार आम लोगों के दरवाजे, मोबाइल, लैपटाप पर होगी। वहीं, आम जरूरतों के लिए ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है। आने वाले दिनों में होने वाले दिल्ली डॉयलाग में इन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।
कब कब होंगे आप के दिल्ली डॉयलाग
13 दिसंबर: बिजली-पानी
27 दिसंबर: ग्रामीण इलाकों की समस्याएं
28 दिसंबर: स्वास्थ्य-शिक्षा
04 जनवरी: व्यापार व व्यापारी
11 जनवरी: शासन-प्रशासन
18 फरवरी: ट्रैफिक, पार्किंग व ट्रांसपोर्ट