चुनाव के ऐन पहले AAP को करारा झटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के अंबेडकर नगर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक अशोक चौहान शनिवार को भाजपा में शामिल हो गए। इसके साथ ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राहुल राजपाल भी भाजपा का दामन थाम लिया है।
अशोक चौहान ने पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कद्दावर नेता चौधरी प्रेम सिंह को शिकस्त दी थी। प्रेम सिंह पिछले 55 साल से अंबेडकर नगर सीट पर लगातार जीतते आ रहे थे। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी खुशी राम चुनार तीसरे स्थान पर रहे थे। यह कयास लगाया जा रहा है कि चौहान को भाजपा टिकट दे सकती हैं।
प्रदेश भाजपा प्रभारी प्रभात झा इशारों-इशारों में उनके टिकट की दावेदारी मजबूत होने की बात भी करते दिखे। शनिवार को भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित होने की बात कही।
भाजपा में शामिल होने के बाद चौहान ने आम आदमी पार्टी के प्रति नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिस वजह से ‘आप’ से जुड़े थे, अब उस पार्टी में वैसा कुछ भी शेष नहीं है। कुछ खास लोगों ने पार्टी को घेर रखा है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने वादे को भूल चुकी है। टिकट मिलने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला भाजपा आलाकमान करेगा।
इस मौके पर प्रदेश भाजपा प्रभारी प्रभात झा ने कहा कि आम आदमी पार्टी कुछ लोगों का गिरोह है और जो ज्यादा दिन तक नहीं चल सकता है। चौहान ने चौ. प्रेम सिंह जैसे कद्दावर नेता की सीट पर कब्जा किया है। उन्हें भाजपा में पूरा सम्मान मिलेगा।
भाजपा पर लगा चुके हैं खरीदने का आरोप
दिल्ली के अंबेडकर नगर से कांग्रेस के चौधरी प्रेम सिंह जैसे दिग्गज को हराने के बाद केजरीवाल के आंखों का तारा बने अशोक चौहान ने शनिवार को बीजेपी में शामिल होकर पार्टी को बड़ा झटका दे दिया है। हालांकि पार्टी का दावा है कि उनके जाने से पार्टी को नुकसान नहीं होगा। पार्टी ने पहले ही उनका टिकट काटने का मन बना लिया था। करीब 15 दिन पहले उन्हें इसकी अनौपचारिक सूचना भी दे दी गई थी। पर्यवेक्षकों के रिपोर्ट व उनकी गतिविधियों को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया था।
विधानसभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी अभी तक अपने तीन विधायकों को खो चुकी है। पहले बिन्नी को पार्टी ने बाहर निकाला, फिर विधायक एमएस धीर और शनिवार को अशोक चौहान पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। यही नहीं भाजपा में शामिल होते ही उन्होंने आम आदमी पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र पर सवाल भी उठा दिया है।
पार्टी के एक नेता का दावा है कि दो विधायकों को लेकर गोवा जाने के बाद से पार्टी ने अशोक चौहान को हटाने का मन बना लिया था। वहीं, आम आदमी पार्टी का का कहना है कि चौहान के खिलाफ क्षेत्र की जनता ने गंभीर शिकायतें की थी। शिकायतों की जांच की गई थी, जिसमें से कुछ सही भी पाई गई हैं। पार्टी की जिला इकाई ने उन्हें टिकट नहीं देने की वकालत की थी।
अशोक चौहान जिस भाजपा में वह शामिल हुए हैं, उसी पर सितंबर माह में उन्होंने खरीदने के प्रयास का आरोप लगाया था। जब उनसे इस संदर्भ में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बीती बातों को याद करने का कोई फायदा नहीं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में कुल पांच छह लोगों की चलती है। वह हम लोगों से नौकर की तरह व्यवहार किया जाता है। चौहान ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपने दम पर जीत हासिल की थी।