‘आप’ महिला विधायक पर मंदिर में हमला'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वसंत विहार स्थित गंगनाथ मंदिर में शुक्रवार शाम को गोलियां चलीं। मंदिर से एक कारतूस व एक खोखा मिलने के साथ सीसीटीवी से वीडियो भी चोरी हो गए। वहीं, ‘आप’ विधायक ने एक व्यक्ति पर मारपीट करने व घूरने का आरोप लगाया है।
दक्षिण जिला डीसीपी प्रेमनाथ ने बताया कि वसंत विहार थाना पुलिस ने एक-दूसरे से जुड़ी कुल चार एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस के मुताबिक ‘आप’ विधायक प्रोमिला टोकस ने शुक्रवार दोपहर करीब पौने एक बजे पुलिस को सूचना दी कि वह बाबा गंगनाथ मंदिर में छबील बांट रही थीं।
इसी दौरान नरेंद्र टोकस नामक व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की और रास्ता रोका। नरेंद्र ने उसे व पति धीरज टोकस को मारने की धमकी दी। वसंत विहार थाना पुलिस ने मामला दर्जकर लिया।
मंदिर का सीसीटीवी वीडियो भी चोरी
इसके बाद शुक्रवार शाम को नरेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी कि धीरज टोकस, सिब्बू पहलवान और छत्तर सिंह ने उसके साथ मारपीट की, उसका रास्ता रोका और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने धीरज टोकस के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया।
इसके बाद पुलिस को शुक्रवार रात करीब पौने आठ बजे सूचना मिली कि बाबा गंगनाथ मंदिर में गोली चली हैं। पुलिस को मंदिर से एक कारतूस व एक खोखा मिला। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गोली धीरज टोकस के किसी व्यक्ति विजेंद्र ने चलाई है।
पुलिस ने आर्म्स एक्ट का मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू की। इसके बाद रात को बाबा गंगनाथ मंदिर के पुजारी ने पुलिस को सूचना दी है कि किसी ने सीसीटीवी वीडियो चुरा लिए हैं।
पुलिस ने इस शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। मामले की तफ्तीश जारी है। तफ्तीश के बाद ही किसी को गिरफ्तार किया जाएगा।