AAP नेता आशीष खेतान को जान की धमकी, चिट्ठी में लिखा- तुम्हारे जैसे दुर्जन मृत्यु दंड के पात्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) नेता और दिल्ली डायलॉग कमीशन (डीडीसी) के उपाध्यक्ष आशीष खेतान को जान से मारने की धमकी वाला पत्र मिला है। यह पत्र उनके कार्यालय के पते पर भेजा गया है।
खेतान ने कहा कि यह पत्र उन्हें हिंदू संगठनों की ओर से मिला है, क्योंकि उसमें हिंदूराष्ट्रम जैसे शब्द का इस्तेमाल किया गया है। खेतान ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ केंद्रीय गृहमंत्री को भी चिट्ठी लिखी है।
दूसरी बार मिली धमकी
शनिवार को आप कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में खेतान ने बताया कि यह दूसरा मौका है जब उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। इससे पहले उन्हें अगस्त 2016 में भी इसी तरह की धमकी मिली थी। तब भी पुलिस में शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
क्या लिखा है चिट्ठी में?
उन्होंने बताया कि उन्हें जो पत्र मिला है, उसमें लिखा है तुम्हें सूचित किया जाता है कि तुम्हारे पापों के सौ अपराध भर चुके हैं। अब समय आ गया है कि दुष्ट शिशुपाल की तरह तुम्हारे पापों का संहार किया जाए। तुम्हारे जैसे पत्रकारों की वजह से साध्वी प्रज्ञा सिंह जैसे संतों को सालों तक जेल में सड़ना पड़ा। तुम्हारे जैसे दुर्जन हिंदू राष्ट्र में मृत्यु दंड के पात्र हैं। यह कार्य ईश्वर की इच्छा से बहुत जल्द ही संपन्न होगा।
खेतान ने गृहमंत्री से की अपील
खेतान ने कहा कि गृहमंत्री से अपील की गई है कि वह इस मामले को व्यक्तिगत रूप में ना लें उसे देश के हालात कैसे हैं उस नजरिए से देखें। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका नहीं है। नरेंद्र दाभोलकर हो या गोविंद पंसारी जैसे लोग जो सवाल उठाते हैं उनकी हत्याएं इसी तरह की गई हैं। उन्हें भी इसी तरह से धमकी भरे पत्र मिले फिर उनकी हत्या कर दी गई।
उन्होंने कहा कि बजरंग, दल, सनातन संगठन, अभिनव भारत जैसे दक्षिणपंथी संगठन मजबूत हो रहे हैं। आवाज उठाने वाले लोगों को दबाने की कोशिश हो रही है।