मल्टीलेवल मार्केटिंग की तर्ज पर पार्टी मांगेगी चंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी ने मल्टीलेवल मार्केटिंग की तर्ज पर चंदा जुटाने का अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत अभी तक चंदा दे चुके लोगों से पार्टी अपील करेगी कि वह अपने दस दोस्तों को अभियान से जोड़ें। पार्टी की कोशिश न्यूनतम एक लाख लोगों की चेन बनाने की है। रेफरेंस कैंपेन नामक इस अभियान को दो दिनों में लांच कर दिया जाएगा।
पार्टी में फंडिंग के काम से जुड़े वरिष्ठ नेता के मुताबिक, पारदर्शी और योजनाबद्ध तरीके से फंडिंग के लिए यह अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए दो टीमें बनाई गई हैं। राष्ट्रीय स्तर पर एक टीम काम कर रही है। जबकि ग्लोबल टीम से नामचीन पेशेवरों को जोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि अभी तक करीब 5400 लोगों ने पार्टी को चंदा दिया है। रेफरेंस कैंपेन के तहत इन सभी लोगों से अपील की जाएगी कि अपने दस दोस्तों को ई-मेल या एसएमएस करके चंदा देने के लिए प्रेरित करें।
इस टीम का नेतृत्व कर रहेे अरविंद झा ने बताया कि इस अभियान की तैयारी पूर कर ली गई है। अगले दो दिनों में इसे लांच कर दिया जाएगा। सोशल नेटवर्किंग साइट के जरिये इसका प्रचार भी किया जाएगा।
सिंगापुर में डिजाइन हो रहे हैं बैनर और पोस्टर
पार्टी ने प्रचार अभियान को आगे बढ़ाने का जिम्मा देश-विदेश के कार्यकर्ताओं पर डाला है। मसलन, वेबसाइट और सोशल मीडिया पर जारी किए जाने वाले बैनर और पोस्टर का डिजाइन सिंगापुर में तैयार किया जा रहा है।
जबकि हिंदी के नारे देहरादून में तैयार हो रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक आम लोग भी पार्टी की गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं। सोशल नेटवर्किंग साइट पर जारी ‘मफलरमैन कैंपेन’ इसी का नतीजा है। इसमें पार्टी को र्कोई योगदान नहीं है।
चंदे के लिए मोबाइल ऐप
पार्टी के मुताबिक चंदे के लिए एक मोबाइल ऐप तैयार किया गया है। इसमें आम लोग 5 से 200 रुपये की बीच चंदा दे सकते हैं। ऐप के माध्यम से पैसे देने के बाद चंदे की ई-रसीद भी दी जाती है। साथ ही पार्टी की वेबसाइट पर भी चंदा देने वाले का नाम व रसीद अपलोड कर दी जाती है।