आम आदमी बाईपास एक्सप्रेस बस सेवा शुरू, भाजपा ने नाम पर जताई आपत्ति
दिल्ली सरकार ने सोमवार को आम आदमी बाईपास एक्सप्रेस बस सेवा की शुरुआत कर दी है। फिलहाल यह बस सेवा एक रूट पर उत्तम नगर से सराय काले खां के बीच चलेगी।
दिल्ली सरकार की मानें तो यह ट्रंक एंड फीडर बस सेवा योजना के अंतर्गत एक ट्रायल रन है। यह सफल होने के बाद इस योजना को आगे बढ़ाया जाएगा। इस सेवा का किराया डीटीसी बसों की ही तरह सामान्य होगा।
दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री सतेंद्र जैन ने बस सेवा का उद्घाटन करते हुए कहा कि आम आदमी बाईपास एक्सप्रेस सेवा बेहतर परिवहन व्यवस्था के लिए चलाई गई है।
कामयाब होने के बाद आगे बढ़ाई जाएगी योजना
यह बस सेवा तीन हाईवे एनएच-24, एनएच-1 और एनएच-10 से होकर गुजरेगी। इसके रूट पर तीन मेट्रो स्टेशन भी पड़ेंगे। परिवहन मंत्री के मुताबिक, हमारा मकसद दिल्ली में ट्रंक एंड फीडर बस सेवा योजना शुरू करना है।
आम आदमी बाईपास एक्सप्रेस सेवा उसी का एक हिस्सा है। यह ट्रायल के तौर पर शुरू की गई है। यह ट्रंक रूट होगा क्योंकि यह 40 किलोमीटर लंबा है। फीडर बसें उस रूट पर चलेंगी जो इस रूट से दूसरे इलाकों को जोड़ेंगी वे रूट कम दूरी वाले होंगे।
उन्होंने कहा कि इसकी सफलता के बाद इसे आगे बढ़ाया जाएगा। डीटीसी अधिकारियों के मुताबिक, यह उत्तम नगर से शुरू होकर विकासपुरी, विकासपुरी मोड़, डिस्ट्रिक्ट सेंटर, जनकपुरी आउटर रिंग रोड़, पीरागढ़ी, मधुबन चौक, वजीराबाद, मजनूं का टीला, आईएसबीटी होते हुए निजामुद्दीन सराय काले खां पर खत्म होगी। फिलहाल इस रूट पर करीब 20 बसें चलाई जाएंगी, जिसमें 10 हरी बसें और 10 एसी वाली लाल बसें शामिल हैं। ये सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक चलेंगी।
'पार्टी के नाम पर बस सेवा का नाम रखना अनैतिक'
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आम आदमी बस सेवा के नाम पर आपत्ति जताई है। इस मामले में उन्होंने दिल्ली सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
उनका कहना है कि दिल्ली सरकार का आम आदमी पार्टी के नाम पर सरकारी योजनाओं का नाम रखना अनैतिक ही नहीं, बल्कि वैधानिक रूप से भी अनुचित है।
कोई भी राजनीतिक पार्टी सरकारी योजनाओं का नाम अपनी पार्टी के नाम पर नहीं रख सकती। इस मामले को चुनाव आयोग के समक्ष लेकर जाएंगे और अनुरोध करेंगे कि आम आदमी पार्टी को ऐसा करने से रोका जाए।
विजेंद्र ने कहा कि देश के चुनावी इतिहास में आज तक किसी भी राजनीतिक पार्टी ने किसी भी सरकारी योजना का नाम अपनी पार्टी के नाम पर नहीं रखा। परंतु आम आदमी पार्टी अपने नाम का लाभ उठाकर ऐसा कर रही है।
भाजपा नेता बोले- चुनाव आयोग के समक्ष लेकर जाएंगे मामला
उन्होंने कहा कि एक हजार आम आदमी क्लीनिक के नाम पर अभी तक मात्र 22 आम आदमी क्लीनिक खोले गए, उनमें भी आधी अधूरी सेवाएं हैं। आम आदमी बस सर्विस दिल्ली परिवहन निगम की खस्ता हालत को ढकने के लिए प्रारंभ की गई है।
आप के सत्ता में आने के बाद से अब तक लगभग एक हजार बसों को सेवाओं से हटा लिया गया है।दूसरी ओर उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार की शराब नीति की निंदा की। उन्होंने एलान किया भाजपा शराब को प्रोत्साहन देने की नीति के विरोध में जनता के साथ सड़कों पर उतरेगी।
उन्होंने कहा कि वे स्वराज अभियान का समर्थन करते हैं और मानते हैं कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में शराब बिक्री को आंख मूंदकर प्रोत्साहन दिया है। आप के सत्ता में आने के बाद 58 नई शराब की दुकानों को लाइसेंस दिया जा चुका है।