टूजी घोटाला: ए राजा समेत 19 पर आरोप तय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टूजी स्पेक्ट्रम घोटाले में सीबीआई की विशेष अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए शुक्रवार को पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा, डीएमके प्रमुख एम करुणानिधि की पत्नी दयालु अम्माल और बेटी व सांसद कनिमोझी समेत 19 लोगों पर आरोप तय कर दिए हैं।
सभी पर टूजी स्पेक्ट्रम के बंटवारे के दौरान हवाले के जरिए 200 करोड़ रुपये का लेनदेन करने का आरोप है। सीबीआई विशेष कोर्ट जज ओपी सैनी ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज चार्जशीट पर सुनवाई करते हुए 10 लोगों और 9 कंपनियों पर आरोप तय किए हैं।
आईपीसी की धारा 120 (बी) और मनी लाउंड्रिंग ऐक्ट के तहत तय इन आरोपों में अधिकतम सात और कम-से-कम तीन साल की सजा का प्रावधान है। आरोप है कि स्वान टेलीकॉम के प्रमोटरों ने यूएएस लाइसेंस (टेलीकॉम सर्विस) के लिए डीएमके के चैनल कलाइनार टीवी को दो सौ करोड़ रुपये का भुगतान किया।
सभी आरोपियों पर हवाले के जरिए 200 करोड़ रुपये का लेनदेन करने का है आरोप
बाद में इसे अतिरिक्त राशि के साथ वापस लौटाया गया ताकि यह लगे कि यह लेन-देन सौदा कानूनी तौर पर ठीक है। वास्तव में यह राशि राजा और उनके सहयोगियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले में दी गई थी।
निदेशालय ने बताया कि कनिमोझी और कलाइनार टीवी के प्रबंध निदेशक शरद कुमार की चैनल में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी थी और बाकी 60 प्रतिशत हिस्सेदारी कनिमोझी की मां दयालु अम्माल के पास थी।
अपने ऊपर लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए ए राजा और कनिमोझी ने दलील दी कि प्रवर्तन निदेशालय की शिकायत के साथ पेश किए गए दस्तावेजों से कहीं भी उनका इस मामले में लिप्त होना पता नहीं चलता।
इसी तरह अन्य आरोपियों ने भी कहा कि निदेशालय के पास उनके खिलाफ लेनदेन में शामिल होने के कोई सबूत नहीं हैं। सभी आरोपी फिलहाल जमानत पर हैं।
इन पर हुए तय आरोप
मामले में जिन लोगों के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं उनमें ए राजा, दयालु अम्माल और कनिमोझी के अलावा स्वान टेलीकॉम प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर शाहिद उस्मान बलवा और विनोद गोयनका, कुसेगांव रीयल्टी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर आसिफ बलवा और राजीव अग्रवाल, फिल्म निर्माता करीम मोरानी व पी अमृथम और कलैगनार टीवी के एमडी शरद कुमार शामिल हैं। कंपनियों में स्वान टेलीकॉम के अलावा कुसेगांव रीयल्टी प्राइवेट लिमिटेड, सिनेयुग मीडिया ऐंड एंटरटेनमेंट, कलाइनार टीवी प्राइवेट लिमिटेड, डायनामिक्स रीयल्टी, एवरस्माइल कंस्ट्रक्शन कंपनी, कॉनवुड कंस्ट्रक्शन ऐंड डेवलपर्स, डीबी रीयल्टी लिमिटेड और निहार कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड के नाम शामिल हैं।