बिसाहड़ा में युवक ने की खुदकुशी, 'पुलिस कर रही थी उत्पीड़न'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिसाहड़ा में मंगलवार सुबह जयप्रकाश (22) ने आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि इकलाख की हत्या के बाद पुलिस वाले रात में घरों में बार-बार दबिश देकर उत्पीड़न कर रहे हैं।
इसी डर से उसने आत्महत्या की है। वहीं, पुलिस ने उसके घर में दबिश देने की बात से इनकार किया है। जयप्रकाश ट्रकों में सीमेंट की बोरियां चढ़ाने (पल्लेदारी) का काम करता था।
उसके पिता राम अवतार की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। घर में उसके दो भाई और एक बहन हैं। युवक की मां ओमवती का कहना है कि उसके बेटे का इस मामले में नाम नहीं है।
पुलिस उत्पीड़न की वजह से वो तनाव में था
फिर भी पुलिस उत्पीड़न कर रही है, जिसके चलते वह बेहद तनाव में था। वहीं, उसकी चाची कुसुम ने कहा कि इकलाख की मौत के बाद पुलिस गांव के कई युवकों के घरों में रात में सीढ़ी लगाकर छापे मार रही है।
इस डर से कई युवक पहले ही फरार हो चुके हैं। मंगलवार सुबह जयप्रकाश घर पर आया और कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। उधर, मंगलवार सुबह 11 बजे हुई इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को काफी देर तक उठाने नहीं दिया। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीड़ित परिवार ने मुआवजे की मांग की है।
एसपी संजय कुमार यादव के मुताबिक प्रथम दृष्टया जयप्रकाश की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई लग रही है। पुलिस ने उसके घर पर दबिश नहीं दी है। यदि परिजन इसका सुबूत लाते हैं तो जांच कराई जाएगी।