मेट्रो फेज तीन में थोड़ा बदलाव, नोएडा और दिल्ली से पूरी तरह जुड़ जाएगा गाजियाबाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेट्रो फेज-3 के लिए जीडीए ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रोजेक्ट में थोड़ा बदलाव किया गया है। नोएडा सेक्टर-62 से आने वाली मेट्रो लाइन को साहिबाबाद से आगे बढ़ाते हुए मोहननगर तक ले जाने की योजना है। अगर ऐसा होता है तो जनता को इसका काफी फायदा होगा।
दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद को मेट्रो से पूरी तरह कनेक्ट करने के लिए एक फेज कम हो जाएगा। इस बारे में संशोधित डीपीआर डीएमआरसी को भेजी गई है। डीएमआरसी अधिकारी एक सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट जीडीए को देंगे। उधर, डीएमआरसी ने रोलिंग स्टॉक देने से मना कर दिया है। इस संबंध में जीडीए शासन से अनुरोध करेगा कि वह डीएमआरसी से बातचीत करे ताकि बीच का रास्ता निकल सके।
थर्ड फेज पर 1886 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रोजेक्ट की फंडिंग को लेकर रूपरेखा तैयार कर ली गई है, जिसको लेकर जल्द ही शासन स्तर पर बैठक की जाएगी। मेट्रो की डीपीआर में संशोधन किया गया है। अभी तक नोएडा सेक्टर-62 तक मेट्रो पहुंच चुकी है, जबकि ट्रैक इसके आगे तक बिछा हुआ है। जीडीए इससे आगे मेट्रो लाइन बिछाकर इंदिरापुरम, वसुंधरा के विभिन्न सेक्टर और साहिबाबाद को मेट्रो से जोड़ने की योजना बना रहा है। पूर्व की प्लानिंग के तहत मेट्रो फेज थर्ड साहिबाबाद तक प्रस्तावित है। इस दौरान बीच में पांच स्टेशन बनाए जाने हैं। नई प्लानिंग के तहत मेट्रो को साहिबाबाद से आगे बढ़ाते हुए मोहननगर तक ले जाया जाएगा।
इससे यह फायदा होगा कि नोएडा के क्षेत्रवासी गाजियाबाद और दिल्ली तक जा सकेंगे। जबकि इंदिरापुरम, वसुंधरा और साहिबाबाद के आसपास के लोग भी वाया साहिबाबाद होते हुए मोहनगर तक जाएंगे। इसके बाद मोहननगर से नई दिल्ली के दिलशाद गार्डन तक जा सकेंगे। जीडीए वीसी कंचन वर्मा ने बताया कि संशोधित डीपीआर को डीएमआरसी अधिकारियों के पास भेजा गया है। वहां से एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट आएगी। रिपोर्ट के आधार पर ही प्रदेश शासन से अगले स्तर पर चर्चा होगी।
खर्च का यह होगा अनुपात
मेट्रो के इस फेज में केंद्र व प्रदेश सरकार का 20-20 प्रतिशत अंशदान रहेगा। जबकि अन्य विभागों की 60 प्रतिशत तक हिस्सेदारी होगी। कुल 1886 करोड़ रुपये खर्च आएगा। जीडीए अधिकारियों ने बताया कि कुल बजट के अनुपात में हिस्सेदारी बांटी गई है। मसलन केंद्र सरकार 334.6 करोड़ और प्रदेश सरकार 334.6 करोड़ देगी। जीडीए 571.90 करोड़ रुपये देगा। जबकि नगर निगम 206.86 करोड़, यूपीएसआईडीसी 73.01 करोड़ और आवास विकास परिषद 365.04 करोड़ रुपये देगा।
कितने बनेंगे स्टेशन
मेट्रो फेज-3 में पांच स्टेशन बनेंगे। प्लानिंग के तहत वैभव खंड, इंदिरापुरम, शक्ति खंड, वसुंधरा सेक्टर-5 और साहिबाबाद में स्टेशन बनाया जाएगा। संशोधित डीपीआर पास होती है तो और भी स्टेशन बन सकते हैं।