बुजुर्ग महिला पर चाकू से किए 25 वार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संगम विहार इलाके में 80 वर्षीय वृद्धा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वृद्धा पर चाकू से 20 से 25 वार करने के बाद उसका गला काट दिया गया। वृद्धा के शरीर से गहने गायब थे साथ ही उसके कपड़े अस्त व्यस्त थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इधर देर शाम मामले में पुलिस ने राजू नाम के शख्स को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि पड़ोस में रहने वाले राजू ने ही वृद्धा की हत्या की है।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से गांव मदनपुर, तहसील खैर जिला अलीगढ़ निवासी सोनवती (80) संगम विहार के एफ-3, गली नंबर-एक, शिव दुर्गा मंदिर के पास एक मंजिला मकान में रहती थी। उसके दोनों बेटे भगवान और विरेंद्र अलग रहते हैं। भगवान का बेटा करमवीर (32) सोनवती के साथ रहता है।
करमवीर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह शुक्रवार रात को कहीं गया हुआ था। रात को 12 बजे लौटाने के बाद उसने देखा कि दादी सोई हुई हैं। इसलिए उसने दादी को नहीं जगाया। शनिवार सुबह उसने देखा कि दादी बिस्तर पर लेटी हुई है और पैर पलंग से नीचे लटके हुए हैं। कपड़े अस्त व्यस्त थे।
कपड़ों की वजह से वह दादी के कमरे में नहीं गया। उसने कमरे से बाहर से दादी को आवाज लगाई। वह चाहता था कि दादी कपडे़ ठीक कर लें। मगर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो वह घर से बाहर गया और पड़ोस में रहने वाली महिला को कपड़े ठीक करने के लिए बुलाकर लाया। उसने देखा कि दादी खून में लहूलुहान पड़ी हुई है। करमवीर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। संगम विहार थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
परिजनों से भी पूछताछ जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला का गला काटा हुआ है और पूरे शरीर पर चाकू मारने के करीब दो दर्जन निशान हैं। रविवार को वृद्धा के शव का पोस्टमार्टम होगा। पोस्टमार्टम के बाद ही पता लगेगा कि महिला की मौत कैसे हुई है और उस पर चाकू के कितने वार किए गए।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि वृद्घा की प्रॉपर्टी भी उसकी मौत का कारण हो सकती है। पुलिस उसके पोते करमवीर समेत अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शुक्रवार शाम तक कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार सोनवती के नाम पर संगम विहार में तीन प्लॉट हैं।
एक-एक प्लॉट उसने दोनाें बेटे भगवान व वीरेंद्र को दे रखे हैं। जबकि तीसरा प्लॉट साथ रहने वाले पोते करमवीर के नाम कर रखी थी। करमवीर की पत्नी ने वर्ष 2010 में खुदकुशी कर ली थी। पुलिस करमवीर के आचरण की जांच कर रही है।
राजधानी में बुजुर्गों पर हमले
- 12 जून, 2014- 1971 में भारत-पाक युद्घ के हीरो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की नौकर व उसके साथी ने हत्या की
- 6 सितंबर, 2013- ग्रेटर कैलाश में 74 वर्षीय कपिल देव आर्यन नामक वृद्धा को नौकर ने जिंदा जला दिया
- 19 अगस्त, 2013- विवेक विहार में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े 62 वर्षीय व्यापारी की हत्या
- 19 अगस्त, 2013- लक्ष्मी नगर में 85 वर्षीय महिला और उनकी 55 वर्षीय बेटी का शव मिला
- 23 फरवरी, 2013 - लाजपत नगर में 72 वर्षीय वृद्धा विजय सरीन की लूटपाट केलिए घर में हत्या
- 12 सितंबर, 2012- रोहिणी में आयकर विभाग से रिटायर 70 वर्षीय गुरजीत कौर की की घर में हत्या
- 5 सितंबर, 2012- ज्योति नगर में 65 वर्षीय महिला की गला रेत कर हत्या
- 1 सितंबर, 2012- गीता कॉलोनी में 55 वर्षीय महिला राजरानी की शव घर में मिला।
- 21 अगस्त, 2012- शकरपुर में रिटायर्ड वरिष्ठ अधिकारी 80 वर्षीय आरके बरारू व उनकी पत्नी दुर्गा देवी की घर में हत्या
दोस्त की बुजुर्ग मां की हत्या
केशवपुरम में शराब पीने से मना करने पर एक युवक ने शुक्रवार रात अपने दोस्त की बुजुर्ग मां का तकिया से मुंह दबाकर हत्या कर दी। आरोपी राजेश मलिक घर में रखे 60 हजार रुपये और महिला का मोबाइल लेकर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्जकर शनिवार को आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। राजेश के पास से नकदी और मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस महिला के बेटे से भी पूछताछ कर रही है।
उत्तर पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त एन संबंदन ने बताया कि शीला खन्ना (65) बेटे सिद्धार्थ के साथ केशवपुरम में रहती थीं। महिला ने सिद्धार्थ को काफी पहले पहले गोद लिया था। पिछले कुछ साल से सिद्धार्थ नशे का आदी हो गया। शीला ने नशे की लत छुड़ाने के लिए उसे नशा मुक्ति केेंद्र में भर्ती कराया। वह कुछ माह पहले केंद्र से आया था। केंद्र में उसकी दोस्ती केशवपुरम सी2 ब्लॉक निवासी राजेश से हो गई थी।
कुछ दिन बाद से ही सिद्धार्थ राजेश के साथ शराब का सेवन करने लगा। शुक्रवार को वह राजेश को लेकर घर पहुंचा और दोनों कमरे में बैठकर शराब पीने लगे। इस पर महिला ने दोनों को घर से निकलने को कहा, लेकिन दोनों बैठे रहे। अधिक नशा होने पर सिद्धार्थ वहीं सो गया। यह देखकर शीला ने राजेश को घर जाने को कहा, लेकिन राजेश ने तकिया से मुंह दबाकर वृद्धा की हत्या कर दी। इसके बाद राजेश ने घर से रखे 60 हजार रुपये और मोबाइल लेकर भाग गया। सुबह जागने पर सिद्धार्थ ने मां को मृत देखा। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि सिद्धार्थ को क्लीन चिट नहीं दी गई है। उससे पूछताछ की जा रही है।