मिड डे मील खाने से 47 बच्चियां बीमार
जहांगीरपुरी स्थित सरकारी स्कूल में मिड डे मील खाने से 47 बच्चियां बीमार हो गईं। खाना खाने के बाद छात्राओं ने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने बच्चों के बीमार होने की सूचना उनको नहीं दी। बच्चों के दोस्तों ने उन्हें तबीयत खराब होने और अस्पताल में भर्ती कराने की जानकारी दी। उसके बाद अभिभावक भी अस्पताल पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जहांगीरपुरी के ए. ब्लॉक के सर्वोदय कन्या विद्यालय का है। जैसे ही छठी और सातवीं की छात्राओं ने स्कूल में मिड डे मील खाया, वैसे ही वह बीमार हो गईं।
अचानक उनके पेट में दर्द होने लगा। इतनी संख्या में बच्चियों के पेट दर्द की शिकायत के बाद स्कूल प्रशासन के पैरों तले जमीन खिसक गई। छात्राओं को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
4 की हालात गंभीर
बताया जा रहा है कि उनका इलाज तुरंत शुरू किया गया। चार बच्चियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बाकी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
बच्चियों के बीमार होने की सूचना ना दिए जाने से अभिभावकों के गुस्सा होने के कारण अस्पताल में कुछ देर के लिए माहौल काफी गरम हो गया था। परिजनों का कहना है कि प्रशासन को मिड डे मील की गुणवत्ता जांचने के बाद ही छात्राओं को खाने के लिए देना चाहिए था।
उल्लेखनीय है कि 11 अगस्त को न्यू सीलम पुर इलाके के चितरंजन दास राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय न. 1 में भी इसी तरह से मिड डे मील खाकर दस बच्चों की तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें भी सुबह के समय दाल चावल ही खाने को दिए गए थे, जिन्हें जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।