कोई घायल मांगें लिफ्ट तो रहें सावधान, लुट जाएगी आपकी कार!
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने सड़क पर घायल होने का नाटक कर कार लूटने वाले गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विशाल दहिया (25), विक्रांत डागर उर्फ विक्की (25), अमित गुप्ता उर्फ मोनू (25) और नीरज दहिया (23) के रूप में हुई है।
पुलिस की मानें तो आरोपियों ने दिसंबर में जीटी करनाल रोड पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सिपाही की सेंट्रो कार लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई दो कार, एक मोबाइल व एक अंगूठी बरामद की है।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि 12 दिसंबर को दरियागंज इलाके में तैनात ट्रैफिक पुलिस का सिपाही पवन कुमार जीटी करनाल रोड होते हुए घर जा रहा था। इस बीच शांति मंदिर रेड लाइट के पास सड़क पर एक घायल शख्स को पड़ा देखकर पवन ने कार रोक दी।
चाकू दिखाकर लूट लिया सब कुछ
कार रोकते ही सड़क पर पड़ा शख्स खड़ा हो गया और उसके दो साथी और आ गए। तीनों ने चाकू दिखाकर पवन से कार, मोबाइल और कैश लूट लिया। इसी तरह बदमाशों ने दो जनवरी को सेक्टर-23-24 रोहिणी में एक राहगीर से उसकी रिट्ज कार लूट ली थी।
एक सूचना पर पुलिस ने अवंतिका, सेक्टर-1, रोहिणी से चार आरोपियों को दबोच लिया। इनकी निशानदेही पर लूटी गई दोनों कार, मोबाइल और अन्य सामान बरामद कर लिया गया।
आरोपियों ने बताया कि वह घायल होने का नाटक कर वारदात अंजाम देते थे। बताया गया है कि विशाल दहिया एलएनजेपी अस्पताल में बतौर लैब असिस्टेंट काम कर चुका है।