दिल्ली के बड़े सरकारी अस्पताल में तीन बच्चों की मौत, हड़ताल पर जा सकते हैं डॉक्टर
हिंदू राव अस्पताल में तीन बच्चों की मौत के बाद चिकित्सा अधीक्षक और प्रसूति विभाग की प्रमुख को निलंबित करने को लेकर डॉक्टरों में खासी नाराजगी है।
इसे लेकर नगर निगम के डॉक्टरों ने सोमवार को बैठक बुलाई है। जिसमें फैसले के विरोध में हड़ताल पर जाने का फैसला भी लिया जा सकता है।
म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. आरआर गौतम का कहना है कि जिन तीन मामलों की बात हो रही है उनमें से दो मामलों में तो महिला के अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चों की मौत हो चुकी थी।
बच्चों की मौत मामले में गठित कमेटी ने जांच आरंभ कर दी
वहीं, तीसरे मामले में भी ऑपरेशन के प्रोसीजर में कोई कमी नहीं थी। इसके बाद भी परिजनों के आरोप पर जांच कराने में कोई बुराई नहीं थी। लेकिन बिना जांच के ही दोनों वरिष्ठ डॉक्टरों को जिस तरह से निलंबित किया गया है वह मनोबल तोड़ने वाला है।
निलंबित करने के बजाए इन डॉक्टरों का जांच पूरा होने तक तबादला भी किया जा सकता है। इन सभी पक्षों को लेकर सोमवार को नगर निगम के डॉक्टरों की जनरल बाडी की मीटिंग बुलाई गई है।
जिसमें आगे की रणनीति पर फैसला होगा। उधर, बच्चों की मौत मामले में गठित कमेटी ने जांच आरंभ कर दी। कमेटी जांच रिपोर्ट जल्द देगी।