दिल्ली: झूठी आन में गई एक और जान, बहन के साथ दिखने पर युवक की हत्या
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने झूठी आन के लिए की गई हत्या का खुलासा किया है। रोहिणी के बवाना इलाके में बहन के साथ युवक साहिल को देखने पर चचेरे भाई ने अपने साथियों के संग उसका उसकी ही कार में अपहरण कर लिया और सोनीपत ले गया। वहां उसकी जमकर पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया। आरोपियों ने खेेत में ले जाकर पीड़ित की कार भी जला दी थी। अपराध शाखा ने इस मामले में एक आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार, बवाना इलाके में रहने वाला साहिल(25) 24 अक्तूबर को घर से गायब हो गया था। साहिल के मामा ने बवाना थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान इंस्पेक्टर मुकेश अंटिल को साहिल की हत्या किए जाने की सूचना मिली। पता चला कि राकेश नामक युवक ने अपने दोस्त व भाई के साथ मिलकर साहिल की हत्या की है। पुलिस टीम ने राकेश को गिरफ्तार कर लिया। राकेश ने पुलिस को बताया कि उसने 23 अक्तूबर को चचेरी बहन को साहिल की कार से उतरते हुए देखा था। उसे संदेह था कि साहिल उसकी बहन के पीछे पड़ा है।
इसलिए उसने दोस्त व भाई के साथ मिलकर साहिल का उसकी कार समेत अपहरण कर लिया और सोनीपत के खरखौदा कस्बे में ले गया। यहां साहिल को बुरी तरह पीटा गया, जब वह अधमरा हो गया तो उसका गला दबा दिया।
बचाव के लिए बनाया गया वीडियो बना गले की फांस
इसके बाद साहिल के शव को नहर में फेंक दिया। कुछ दूरी पर कुतुबगढ़ के पास खेतों में जाकर साहिल की कार में आग लगा दी थी। पुलिस ने राकेश की निशानदेही पर हरियाणा पुलिस की मदद से साहिल का शव नहर से तथा खेतों से जली हुई कार को बरामद कर लिया है। पुलिस ने साहिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
मामले में चौंकाने वाली बात ये सामने आई है कि आरोपियों ने मारपीट के दौरान पीड़ित युवक का वीडियो बनाया था, ताकि पुलिस के सामने अपना बचाव कर सकें। अब ये वीडियो ही आरोपियों के गले की फांस बन गया है। वीडियो में साहिल से कहलवाया गया था कि उसे नकाबपोश लोगों ने पीटा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार वीडियो बनाने वाले ने होशियारी करते हुए दिखाई कि अपना व अन्य आरोपियों का नाम लेकर पूछा कि तुझे उन्होंने तो नहीं पीटा। साहिल ने जवाब में नहीं कहा था। वीडियो से साफ जाहिर हो रहा है कि आरोपियों ने उससे जबरन बुलवाया था कि वह मारने वालों को नहीं पहचानता। वीडियो बनाने के बाद साहिल को जमकर पीटा और फिर उसकी हत्या कर दी गई।